UP News: मथुरा में बड़ा खेल! चढ़ावे पर सवाल उठाने वाले दिनेश फलाहारी खुद फंसे; दर्ज हुई शिकायत

Mathura News: अयोध्या राम मंदिर के बाद अब मथुरा श्रीकृष्ण जन्मस्थान में चढ़ावे को लेकर विवाद गरमा गया है। सीबीआई जांच की मांग करने वाले दिनेश फलाहारी महाराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

Mathura News: अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में भी चढ़ावे और दान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आने वाले चढ़ावे में कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए सीबीआई (CBI) जांच की मांग करने वाले हिंदूवादी नेता और श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज खुद कानूनी शिकंजे में घिरते नजर आ रहे हैं।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने फलाहारी महाराज के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मथुरा के थाना गोविंद नगर में एक शिकायती पत्र सौंपा है। इस तहरीर में दिनेश फलाहारी पर ₹20 लाख की चौथ (रंगदारी) मांगने और श्रद्धालुओं को गुमराह करने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब दिनेश फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान पर दान और चढ़ावे के कुप्रबंधन का आरोप लगाया और पूरे मामले की सीबीआई से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की थी।

फलाहारी महाराज के इन आरोपों के बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक और जनसंपर्क अधिकारी विजय बहादुर सिंह खुलकर सामने आ गए। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए दिनेश फलाहारी के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़े- अयोध्या के बाद अब मथुरा में ‘चंदा चोरी’ पर बवाल, संत ने CM योगी को खून से लिखी चिट्ठी

संस्थान ने लगाए धोखाधड़ी और रंगदारी के आरोप

गोविंद नगर पुलिस को दी गई शिकायत में संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक ने आरोप लगाया है कि दिनेश शर्मा (दिनेश फलाहारी) की पृष्ठभूमि आपराधिक रही है और वह धोखाधड़ी के कई मामलों में संलिप्त हैं।

  • रंगदारी का आरोप: संस्थान का दावा है कि दिनेश फलाहारी ने उनसे ₹20 लाख की रंगदारी (चौथ) मांगी है।

  • भ्रामक नाम से ट्रस्ट: आरोप है कि श्रद्धालुओं और दानदाताओं को भ्रमित करने के लिए दिनेश शर्मा ने आधिकारिक पंजीकृत ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान’ से मिलते-जुलते नाम पर ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास’ नाम से एक समानांतर ट्रस्ट बना रखा है।

  • दान का निजी इस्तेमाल: शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह इस मिलते-जुलते नाम वाले ट्रस्ट के जरिए बड़े पैमाने पर दान इकट्ठा कर रहे हैं और उस पैसे का उपयोग अपने निजी स्वार्थों के लिए कर रहे हैं।

पुलिस कर रही है जांच

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरा मामला पुलिस के संज्ञान में ला दिया गया है और इस पर जांच शुरू हो चुकी है।

दूसरी ओर, इस पूरे विवाद और अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर दिनेश फलाहारी महाराज की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायती पत्र के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सारे तथ्य और सबूत सामने आने के बाद कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई (एफआईआर) दर्ज की जाएगी।

ये भी पढ़े- गो-आधारित खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, CM योगी ने बताई विकास की कुंजी

Back to top button