
मेरठ दलित छात्रा हत्याकांड: अखिलेश, चंद्रशेखर और अमिताभ ठाकुर आमने-सामने; पुलिस का एक्शन
Meerut News: दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड और उसके बाद हुए प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बाद नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर भी इस मामले में सक्रिय हो गए हैं। वहीं पुलिस ने माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है।
अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस अन्याय का नया रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि दलित समाज की बेटी ललिता गौतम को न्याय दिलाने की मांग कर रहे पीड़ित परिवार और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है।
भाजपा राज में पुलिस अन्याय का रिकॉर्ड तोड़ रही है। मेरठ में दलित समाज की बेटी ललिता गौतम के लिए न्याय की आवाज़ उठाने पर प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार सहित अन्य लोगों पर किया प्रहार और लाठी चार्ज बेहद निंदनीय है।
जब प्रदेश-प्रमुख ही सरेआम एक मृतक की माँ के साथ असंवेदनशील होने का… pic.twitter.com/uRIjZYOviA
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 8, 2026
चंद्रशेखर आजाद ने की निष्पक्ष जांच की मांग
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने घटना की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार की दलित विरोधी और दमनकारी कार्यशैली को दर्शाती है।
15 मई 2026 को मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम का अपहरण कर निर्मम हत्या से जुड़े बाकी आरोपियों को जेल भेजने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजनों और समाज के लोगों पर लाठीचार्ज तथा न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जाना भाजपा सरकार की दलित विरोधी और… pic.twitter.com/WfqYyDMPOU
— Chandra Shekhar Aazad (@BhimArmyChief) July 8, 2026
NHRC में पहुंची पुलिस कार्रवाई की शिकायत
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने मेरठ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में अधिवक्ता रवि गौतम के साथ कथित मारपीट और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की जांच की मांग की गई है।
पुलिस का सख्त संदेश, उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई
मेरठ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर निवासी रवि गौतम, अमरोहा निवासी दिग्विजय सिंह और ऋतिक नामक व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इन लोगों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़े: सांसद की बैठक के बाद आपस में भिड़े सपाई, जमकर चले लात-घूंसे; वीडियो वायरल
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने की सलाह देते हुए भरोसा दिलाया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।





