Noida में 5,145 करोड़ की मेगा इंडस्ट्रियल डील! योगी ने दो प्लांट को दी हरी झंडी…

एस्कॉर्ट-कुबोता और मिंडा कॉरपोरेशन के प्लांट से यमुना सिटी में बढ़ेगा औद्योगिक निवेश, हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद।

Noida: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में दो बड़े औद्योगिक प्लांट की आधारशिला रखी। दोनों परियोजनाओं में करीब 5,145 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह दिल्ली में आयोजित एक जापानी निवेश कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

इन दोनों परियोजनाओं के जरिए यमुना सिटी में ऑटोमोबाइल और कृषि उपकरण निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

एस्कॉर्ट-कुबोता लगाएगी 4500 करोड़ का प्लांट
यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह के मुताबिक, सेक्टर-10 में जापानी और भारतीय कंपनी के संयुक्त उपक्रम एस्कॉर्ट-कुबोता का प्लांट स्थापित किया जाएगा। यहां ट्रैक्टर और खेती में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरणों का निर्माण किया जाएगा।

इस परियोजना के लिए यमुना प्राधिकरण पहले ही करीब 190 एकड़ जमीन आवंटित कर चुका है। कंपनी इस परियोजना में करीब 4,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। शिलान्यास के बाद अब प्लांट के निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है।

सेक्टर-24 में मिंडा कॉरपोरेशन की यूनिट
दूसरी परियोजना यमुना सिटी के सेक्टर-24 में स्थापित की जाएगी। स्पार्क मिंडा समूह की कंपनी मिंडा कॉरपोरेशन को इसके लिए करीब 23 एकड़ जमीन आवंटित की गई है।

कंपनी कोरियन कंपनी डेसुंग और भारतीय कंपनी लोकोनाव के साथ साझेदारी में इस प्लांट को विकसित करेगी। परियोजना में करीब 645 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

इस यूनिट में ऑटोमोबाइल के लिए हार्नेस वायर, इग्निशन स्विच-कम-स्टीयरिंग लॉक और मेकाट्रोनिक्स कंपोनेंट तैयार किए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इस प्लांट से करीब 2,270 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें…

‘बागी बलिया’ में फिर गूंजा आजादी का जयघोष, खुला ऐतिहासिक जेल फाटक

यमुना सिटी में बढ़ेगा ऑटो सेक्टर का दायरा
मिंडा कॉरपोरेशन की ओर से सेक्टर-10 में भी एक अन्य प्लांट लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे यमुना सिटी में ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट निर्माण का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र में लगातार नए औद्योगिक निवेश आने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ पूरे क्षेत्र को एक बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने की कोशिशों को गति मिल रही है।

यह भी पढ़ें…

कुर्सी के इंतजार में थमी ट्रेन की रफ्तार, गोरखपुर में 69 मिनट अटकी वैशाली एक्सप्रेस

हजारों रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद
दोनों परियोजनाओं के शुरू होने के बाद प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और ऑटोमोबाइल कंपोनेंट के निर्माण से स्थानीय स्तर पर सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी फायदा मिल सकता है।

सरकार की ओर से यमुना सिटी को औद्योगिक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इन दोनों परियोजनाओं को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

पीएफ घोटाले में Sahara Group के ट्रस्टियों पर FIR का आदेश, लखनऊ पुलिस को कोर्ट की फटकार

Back to top button