‘रेमल’ ने बंगाल में मचाई तबाही, कोलकाता समेत कई शहरों में भारी बारिश

Cyclone Remal: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान रेमल का समुद्री तटों वाले इलाकों में लैंडफॉल हो गया है। इस दौरान करीब 110-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है। कोलकाता एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक,चक्रवाती तूफान रेमल रविवार आधी रात के बाद बांग्लादेश व पश्चिम बंगाल के समुद्री तटों से टकरा गया। साथ ही इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। बिहार में भी रेमल का असर पड़ने के आसार हैं। राज्य के उत्तरी भाग के कुछ जिलों में सोमवार को बारिश होने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इससे उत्तर बिहार के अधिकतर शहरों के अधिकतम तापमान में गिर सकता है। वहीं पटना सहित दक्षिण बिहार उमह भरी गर्मी के चपेट में रहेगा।

मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार को बंगाल और उत्तरी ओड़िशा के तटीय जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी दी है। बंगाल के दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन दो जिलों में बड़े नुकसान की आशंका है। भारी बारिश के बाद पश्चिम बंगाल के कोलकाता के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया है। यह वीडियो बोबाज़ार इलाके का है, जहां भारी बारिश के कारण इलाकों में पानी भर गया। 

मौसम विभाग ने सोमवार तक के लिए पश्चिम बंगाल व उत्तरी ओडिशा के तटीय जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। साथ ही असम व मेघालय में भी अत्यधिक बारिश की आशंका जताई गई है। मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के लिए सोमवार व मंगलवार के लिए भारी बारिश का अनुमान है। तूफान के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के संवेदनशील इलाकों से एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसी तरह बड़े खतरे की आशंका के बीच बांग्लादेश के संवेदनशील इलाकों से आठ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

Back to top button