शारदीय नवरात्रि 2021: इस तारीख से आरंभ हो रहा है पर्व, जानें प्रमुख तिथियां

शारदीय नवरात्रि 2021

हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व है। नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा को समर्पित होता है। नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा और उपासना की जाती है।

मान्यता है कि नवरात्रि पर मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा करने से जीवन के सभी दुख दूर होते हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। नवरात्रि के दिनों में माता के भक्त उनकी विशेष कृपा पाने के लिए व्रत रखते हैं।

कब है नवरात्रि?

हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार शारदीय या शरद नवरात्रि का पर्व 07 अक्टूबर से आरंभ होकर 15 अक्टूबर को समाप्त होगा। नवरात्रि का आरंभ कलश स्थापना से होता है।

शरद नवरात्रि में कलश स्थापना प्रतिपदा तिथि यानी 07 अक्टूबर को होगी। कलश स्थापना के साथ ही नवरात्रि के पर्व की विधिवत शुरुआत हो जाती है।

नवरात्रि की प्रमुख तिथियां-

नवरात्रि प्रारंभ- 07 अक्टूबर 2021, गुरुवार

घटस्थापना- 07 अक्टूबर 2021, गुरुवार

नवमी तिथि- 14 अक्टूबर 2021, गुरुवार

दशमी तिथि- 15 अक्टूबर 2021, शुक्रवार

कलश स्थापना की विधि व महत्त्व

पूजा स्थान पर कलश की स्थापना करने से पहले उस जगह को गंगा जल से शुद्ध किया जाता है, और उसे पांच तरह के पत्तों से सजाया जाता है।

कलश में हल्दी की गांठ, सुपारी, दूर्वा, आदि रखी जाती है। कलश को स्थापित करने के लिए उसके नीचे बालू की वेदी बनाई जाती है। जिसमें जौ बोये जाते हैं।

जौ बोने की विधि धन-धान्य देने वाली देवी अन्नपूर्णा को खुश करने के लिए की जाती है। मां दुर्गा की फोटो या मूर्ति को पूजा स्थल के बीचों-बीच स्थापित करते है।

जिसके बाद मां दुर्गा को श्रृंगार, रोली ,चावल, सिंदूर, माला, फूल, चुनरी, साड़ी, आभूषण अर्पित करते हैं। कलश में अखंड दीप जलाया जाता है जिसे व्रत के आखिरी दिन तक जलाया जाना चाहिए।  

Back to top button