AISA की नेहा बोरा आजाद पर CJP के अभिजीत दीपके अब भी अरेस्ट क्यों?

Abhijeet Dipke Arrest: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शनों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) को शांति भंग करने की आशंका और पूर्व के शांति बांड (Peace Bond) के उल्लंघन के आरोप में निवारक हिरासत (Preventive Arrest) में ले लिया गया है।

वहीं, दूसरी ओर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा (Neha Bora) को लंबी पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रिहा कर दिया गया है।

शांति बांड के उल्लंघन का मामला

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, CJP संस्थापक अभिजीत दिपके को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं 126 और 170 के तहत हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि दिपके को पहले भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे और उन्होंने 50,000 रुपये का मुचलका (बांड) भरा था, जिसमें एक साल तक सार्वजनिक शांति न भंग करने की शर्त शामिल थी।

अधिकारियों का आरोप है कि उन्होंने केंद्रीय क्षेत्र में निषेधाज्ञा और पुलिस के निर्देशों का उल्लंघन किया, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया है। उन्हें विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत के समक्ष पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

AISA अध्यक्ष नेहा बोरा की रिहाई

दूसरी ओर, छात्र संगठन AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा को लेकर कल देर शाम तक असमंजस की स्थिति बनी रही थी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और बाद में उन्हें रिहा कर दिया।

रिहाई के बाद छात्र संगठनों और राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। AISA और CJP के नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन और असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास करार दिया है।

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

राजधानी दिल्ली में विभिन्न प्रदर्शनों और मार्च की आहट के चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जंतर-मंतर और आसपास के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एहतियातन यह कदम उठाए गए हैं, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

ये भी पढ़े-Abhijeet Dipke के घर पहुंची police, तिरंगा मार्च न निकालने का दिया नोटिस

Back to top button