
UP News: निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरी, तीन मजदूरों की मौत
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृत श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं
Vrindavan News: उत्तर प्रदेश में धर्मनगरी वृंदावन (मथुरा) के रुक्मिणी विहार क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल (Omaxe Mall) में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मॉल की ऊपरी मंजिल पर लेंटर ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई। इस हादसे में मलबे में दबने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
तड़के लेंटर ढलाई के दौरान हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक, ओमैक्स मॉल में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था और नाइट शिफ्ट के मजदूर तड़के छत की ढलाई के काम में लगे हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब 07 बजे अचानक शटरिंग का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा।
शटरिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहुंचे।
रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों का इलाज
राहत और बचाव दल ने मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। इनमें से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जिनमें एक नेपाली मजदूर भी शामिल बताया जा रहा है। वहीं, एक अन्य घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज (SN Medical College) रेफर किया गया है।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं।
उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान ले लिया है. CM ने मृतक श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है. अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़े- UP में IPS अधिकारियों का तबादला





