
Ohh My Dog: दिल छू लेगा ‘ओह माय डॉग’ का ट्रेलर, पंकज त्रिपाठी ने बिना फीस के किया काम
अमित राय की आगामी फिल्म 'ओह माय डॉग' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी ने बिना किसी फीस के काम किया है। जानिए 250 से ज्यादा स्ट्रीट डॉग्स की मौजूदगी वाली इस थ्रिलर-ड्रामा फिल्म की पूरी कहानी।
Ohh My Dog Trailer: ‘ओह माय गॉड 2’ (OMG 2) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले निर्देशक अमित राय एक बार फिर दर्शकों के लिए एक दिल छू लेने वाली कहानी लेकर आए हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘ओह माय डॉग’ (Ohh My Dog) का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
ट्रेलर में एक मासूम बच्चे और उसके आवारा कुत्ते (Street Dog) के गहरे रिश्ते के साथ-साथ इलाके से रहस्यमयी तरीके से गायब होते कुत्तों के सस्पेंस और थ्रिलर को दिखाया गया है।
250 से ज्यादा स्ट्रीट डॉग्स का जलवा
यह फिल्म केवल एक इमोशनल ड्रामा ही नहीं, बल्कि इसमें रहस्य का तड़का भी है। मुंबई में हुए ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म के दो मुख्य चार पैर वाले स्टार्स ऑस्कर और ब्रूनो (दो डॉगी) भी पहुंचे, जो मीडिया और प्रशंसकों के आकर्षण का केंद्र बने।
मेकर्स के मुताबिक, इस फिल्म की शूटिंग के दौरान और प्रोडक्शन में 250 से ज्यादा कुत्तों का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में बाल कलाकार माही राय मुख्य भूमिका में हैं, जबकि पंकज त्रिपाठी, पवन मल्होत्रा, राजेश कुमार, गीता अग्रवाल शर्मा और विजय मिश्रा मजबूत सपोर्टिंग रोल में नजर आएंगे।
पंकज त्रिपाठी ने नहीं ली कोई फीस
‘ओह माय डॉग’ में एक शिक्षक की भूमिका निभा रहे पंकज त्रिपाठी ने इस फिल्म के लिए ₹1 की फीस भी नहीं ली है। उन्होंने बताया कि इस फैसले के पीछे उनकी पुरानी दोस्ती और सिनेमा के प्रति जिम्मेदारी है:
“डायरेक्टर अमित राय और प्रोड्यूसर अजय राय मेरे पुराने दोस्त हैं। बड़े बजट की कमर्शियल फिल्में तो पैसों के दम पर बन जाती हैं, लेकिन इंडिपेंडेंट और छोटी फिल्में जहाँ कहानी मुख्य होती है, अगर हम जैसे एक्टर्स उनका साथ नहीं देंगे तो कौन देगा? जब अमित ने मुझे कहानी सुनाई, तो यह सीधे मेरे दिल को छू गई।”
कब और कहाँ होगी रिलीज?
‘ओह माय डॉग’ इंसानों और जानवरों के बीच वफादारी, करुणा और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का एक खूबसूरत संदेश देती है। अमित राय के निर्देशन में बनी यह पारिवारिक थ्रिलर-ड्रामा फिल्म 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।





