
CJP Protest: भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक, हालत देख तड़पे 3 Idiots के ‘चतुर’
Sonam Wangchuk: 3 Idiots के ‘चतुर’ यानी एक्टर ओमी वैद्य ने जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में एक वीडियो जारी किया है और लोगों से आवाज उठाने की अपील की है।
Sonam Wangchuk’s hunger strike: मशहूर क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षाविद सोनम वांगचुक इन दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन (भूख हड़ताल) पर बैठे हैं। शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और लद्दाख के लोगों के अधिकारों को लेकर चल रहे इस प्रदर्शन के बीच अब उन्हें बॉलीवुड से भी बड़ा सपोर्ट मिला है। फिल्म ‘3 इडियट्स’ (3 Idiots) में ‘चतुर रामलिंगम’ का यादगार किरदार निभाने वाले एक्टर ओमी वैद्य (Omi Vaidya) ने सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है।
3 इडियट्स के ‘चतुर’ ने किया सपोर्ट
ओमी वैद्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि वह ‘फुंसुक वांगड़ू’ को इस तरह मरते हुए नहीं देख सकते। गौरतलब है कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आमिर खान का निभाया गया ‘फुंसुक वांगड़ू’ का किरदार असल जिंदगी में सोनम वांगचुक से ही प्रेरित था।
View this post on Instagram
ओमी ने कहा कि सोनम वांगचुक कई हफ्तों से भूख हड़ताल पर हैं, जिसकी वजह से उनका ब्लड शुगर लेवल काफी गिर गया है। यह एक गंभीर मुद्दा है और इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
पोस्ट शेयर करने की अपील
ओमी वैद्य ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हर किसी की राय अलग हो सकती है, लेकिन एक ऐसा इंसान जिसने समाज के लिए इतना योगदान दिया हो, उसे इस हालत में नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने लोगों से सोनम वांगचुक के पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर करने और जनप्रतिनिधियों तक यह बात पहुंचाने की मांग की ताकि सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का रास्ता खुल सके।
प्रशांत किशोर ने भी कसा तंज
ओमी वैद्य के इस वीडियो पर राजनीतिक विश्लेषक प्रशांत किशोर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘3 इडियट्स’ फिल्म के कम से कम एक किरदार ने तो उस इंसान के लिए आवाज उठाई, जिससे वह फिल्म प्रेरित थी। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अब देखना यह है कि खुद आमिर खान इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं।
आपको बता दें कि जंतर-मंतर पर चल रहे इस अनशन के कारण सोनम वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है, और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुताबिक भूख हड़ताल की वजह से उनका वजन 8 किलो से ज्यादा कम हो चुका है।





