सोनभद्र में मौत का करंट! घरों में दौड़ा 11 हजार वोल्ट, बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक मौत

UP News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झीलों गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक कई घरों में 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन का करंट उतर आया। देखते ही देखते घरों के बिजली बोर्ड और तारों में आग लग गई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।


जान बचाने की कोशिश में गई दंपति की जान

हादसे के समय 65 वर्षीय श्रीराम विश्वकर्मा और उनकी 63 वर्षीय पत्नी फूलमती अपने घर में मौजूद थे। करंट फैलते ही दोनों बाहर निकलने के लिए दौड़े, लेकिन जैसे ही फूलमती ने दरवाजा खोला, वह करंट की चपेट में आ गईं। पत्नी को बचाने के लिए दौड़े श्रीराम भी करंट की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।


एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलसी

इस घटना में गांव की 60 वर्षीय इंद्रा देवी भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।


सूचना मिलते ही बंद कराई गई मेन लाइन

जैसे ही ग्रामीणों को घरों में करंट उतरने की जानकारी मिली, तुरंत 11 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन बंद करवाई गई। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।


पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बीजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के अनुसार, दंपति की मौत हाई वोल्टेज करंट की वजह से हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।


प्रशासन पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

Back to top button