प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की साजिश, नदवा से जुड़े स्कॉलर को बनाया निशाना

Lucknow: राजधानी लखनऊ में नदवा से जुड़े एक चर्चित इस्लामिक स्कॉलर की हत्या की कथित साजिश का हजरतगंज पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मौलाना कारी बिलाल, अधिवक्ता सैफ सिद्दीकी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जमीर और शाहिद नाम के दो कथित शूटर भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, स्कॉलर की हत्या के लिए करीब दो लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। साजिश को अंजाम देने के लिए कथित तौर पर शूटरों से संपर्क किया गया था। वारदात से पहले इलाके की रेकी के लिए दो चोरी की बाइक खरीदे जाने की भी जानकारी जांच में सामने आई है।

प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की साजिश के पीछे प्रॉपर्टी विवाद को वजह बताया जा रहा है। जांच में नदवा के ट्रस्टी इरफान मिर्जा से जुड़े संपत्ति विवाद का भी जिक्र सामने आया है। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते इस्लामिक स्कॉलर को रास्ते से हटाने की कथित योजना बनाई गई थी।

जांच के अनुसार, आरोपियों ने पहले हत्या के लिए कथित शूटरों की व्यवस्था की। इसके बाद स्कॉलर की गतिविधियों और संभावित वारदात की जगह की रेकी करने के लिए दो बाइक की व्यवस्था की गई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि दोनों बाइक चोरी की थीं।

यह भी पढ़ें…

थप्पड़ कांड, मारपीट और विवादों की हैट्रिक… गंवानी पड़ी अविनाश पांडेय को SSP की कुर्सी?

चोरी की बाइकों की भी जांच
हजरतगंज पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की दोनों बाइक कहां से बरामद की गईं और इन्हें आरोपियों तक पहुंचाने में किसकी भूमिका थी। पुलिस साजिश में शामिल अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हत्या की कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें…

सावधान! सभी विधायक सोशल मीडिया पर सतर्क रहें:सतीश महाना

Back to top button