
“बिना बोले भी तुम्हारे दिमाग में हम होंगे”, खराब तबीयत के बीच प्रेमानंद महाराज की भक्तों से…
Premanand Maharaj Health Update: वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज ने खराब स्वास्थ्य के बीच भक्तों के लिए एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। जानिए उन्होंने अपनी तबीयत और दर्शन को लेकर क्या कहा।
Premanand Maharaj Health Update: वृंदावन के सुप्रसिद्ध और देश-विदेश में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र संत श्री प्रेमानंद जी महाराज (Premanand Ji Maharaj) ने अपनी खराब सेहत के बीच अपने भक्तों और शिष्यों के लिए एक बेहद भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। महाराज जी ने अपने भक्तों को ढांढस बंधाते हुए कहा है कि वे उनकी सेहत को लेकर बिल्कुल भी चिंता न करें और निरंतर भगवान के नाम जप में लगे रहें।
यह वीडियो संदेश वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम ट्रस्ट (Keli Kunj Ashram Vrindavan) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। मात्र 1 मिनट 19 सेकंड के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर आते ही लाखों भक्तों को भावुक कर दिया है।
“हम मिलें न मिलें… बिना बोले भी आपके दिमाग में होंगे”
यूट्यूब पर जारी वीडियो संदेश में प्रेमानंद महाराज ने अपने अनुयायियों को आश्वस्त करते हुए कहा,
17 मई से संत प्रेमानंद महाराज जी की रात्रि पदयात्रा बंद है, बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत खराब है।
अब उन्होंने भावुक वीडियो जारी कर कहा— “बिलकुल चिंता नहीं करनी है, मैं मिलूं न मिलूं, बोलूं न बोलूं, आऊं न आऊं, बिना बोले तुम्हारे दिमाग में हम होंगे।” pic.twitter.com/C4jtEQFeao
— Fact Is Fact (Ajay Ram) (@FactByAjayRam) May 25, 2026
“हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं। बिना बोले भी तुम्हारे दिमाग में हम होंगे। आप सब बिल्कुल निश्चिंत होकर भजन और नाम जप करते रहिए।” महाराज जी ने आगे कहा, “अंतिम बात यही है कि चिंता बिल्कुल नहीं करनी है। न ही यह सोचना है कि हमारा उत्थान कैसे होगा। जो भक्त जहां जिस सेवा में लगा है, वह उसी सेवा में पूरी निष्ठा और समर्पित भाव से बना रहे।” उन्होंने भक्तों को भरोसा दिलाया कि गुरुदेव हमेशा उनके साथ हैं और समय आने पर वह स्वयं उनसे संवाद करेंगे।
17 मई से बंद हैं एकांतिक दर्शन और रात्रि पदयात्रा
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब चल रही है। स्वास्थ्य कारणों की वजह से ही आगामी 17 मई से महाराज जी की प्रसिद्ध ‘रात्रि पदयात्रा’ और ‘एकांतिक दर्शन’ को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
17 मई की रात को जब हजारों भक्त उनके दर्शन के लिए हमेशा की तरह वृंदावन पहुंचे, तो महाराज जी तड़के 3 बजे पदयात्रा पर नहीं निकल सके। इसके बाद आश्रम के शिष्यों ने लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा कर भक्तों को स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी, जिससे कई श्रद्धालु मायूस होकर लौट गए थे। \
दोनों किडनियां हैं खराब
प्रेमानंद जी महाराज लंबे समय से एक गंभीर शारीरिक व्याधि से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब (Polycystic Kidney Disease) हैं और उन्हें सप्ताह में कम से कम 2 से 3 बार डायलिसिस प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इस गंभीर स्वास्थ्य चुनौती के बावजूद महाराज जी रोजाना हजारों भक्तों का मार्गदर्शन करते हैं और राधा नाम का प्रचार करते हैं।
फिलहाल, महाराज जी का यह वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। देश और दुनिया भर में मौजूद उनके लाखों अनुयायी कमेंट्स और पोस्ट के माध्यम से महाराज जी के दीर्घायु होने और उनके जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।





