
राष्ट्रपति मुर्मू ने छह राज्यों के बदले राज्यपाल, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी
President Murmu Appoints New Governors: देश के राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किया है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में नए राज्यपालों की कमान सौंपी गई है।
ये सभी नई नियुक्तियां और फेरबदल संबंधित राज्यों के राज्यपालों द्वारा पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगे।
किसे मिली किस राज्य की जिम्मेदारी:
-
तमिलनाडु (Tamil Nadu): केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर (Rajendra Vishwanath Arlekar) को अब तमिलनाडु का पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे पिछले कुछ महीनों से अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में तमिलनाडु का कार्यभार संभाल रहे थे।
-
केरल (Kerala): सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर (Om Prakash Mathur) को अब केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है। वे केरल में राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की जगह लेंगे।
-
ओडिशा (Odisha): झारखंड के वरिष्ठ नेता और पलामू से पूर्व लोकसभा सांसद ब्रज मोहन राम (Braj Mohan Ram) को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
-
कर्नाटक (Karnataka): पूर्व सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य डॉ. सुधा यादव (Sudha Yadav) को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। वे थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी।
-
उत्तराखंड (Uttarakhand): मध्य प्रदेश के बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन (Dhal Singh Bisen) को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे।
-
सिक्किम (Sikkim): भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम (Dushyant Gautam) को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे ओम प्रकाश माथुर की जगह लेंगे।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, सभी नवनियुक्त राज्यपाल जल्द ही अपने-अपने निर्धारित राज्यों में पहुंचकर आधिकारिक रूप से पदभार संभालेंगे।





