BJP से इस्तीफा देने वाले राम शरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी, दिल्ली में ली सदस्यता

Jubin Nautiyal Father Ram Sharan Nautiyal Rejoins Congress: उत्तराखंड की राजनीति में राम शरण नौटियाल की फिर कांग्रेस में एंट्री। दिल्ली में कुमारी सैलजा, गणेश गोदियाल और यशपाल आर्य की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता।

Uttarakhand: उत्तराखंड की राजनीति में राम शरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी हो गई है। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल ने सोमवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे।

राम शरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी ऐसे समय हुई है, जब उनके भाजपा छोड़ने के फैसले को लेकर पहले भी चर्चा हुई थी। भाजपा से अलग होने के बाद उन्होंने संगठन में अनुशासनहीनता और सार्वजनिक मंचों पर अपमान को पार्टी छोड़ने की प्रमुख वजह बताया था।

चकराता से भाजपा के टिकट पर लड़ा था चुनाव
राम शरण नौटियाल पिछले विधानसभा चुनाव में चकराता सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। हालांकि, बाद में उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक कामकाज पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने कहा था कि वह भाजपा में इस उम्मीद से आए थे कि पार्टी में कड़ा अनुशासन होगा, लेकिन उन्हें वहां स्थिति इसके उलट दिखाई दी। नौटियाल ने संगठन में अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा था कि सार्वजनिक मंचों पर उनका अपमान किया गया और पार्टी में ‘वन मैन शो’ चल रहा है।

यह भी पढ़ें…

चारधाम यात्रा 2026: गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तारीख तय, जानें शुभ मुहूर्त

प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का किया जिक्र
राम शरण नौटियाल ने भाजपा छोड़ने के बाद अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वानों का भी उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री के हर आह्वान को दिल से निभाया, लेकिन पार्टी के भीतर कुछ लोग टिकट मांगने के साथ-साथ उनके इस्तेमाल किए जाने की बात भी पीठ पीछे करते थे।

उन्होंने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों पर भी सवाल उठाए थे। नौटियाल का आरोप था कि भाजपा के कुछ नेता अपने ही अनुसूचित जाति के मंत्री के खिलाफ सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन और बयानबाजी करते हैं। उनके मुताबिक, पार्टी छोड़ने के पीछे संगठन में अनुशासनहीनता भी एक प्रमुख वजह थी।

यह भी पढ़ें…

उत्तराखंड की बेटी संध्या सिंह बनीं लेफ्टिनेंट कर्नल, 80वीं वाहिनी में रचा इतिहास

कांग्रेस में वापसी के बाद आगे की भूमिका पर नजर
भाजपा छोड़ने के बाद राम शरण नौटियाल का कांग्रेस में लौटना उनकी राजनीतिक पारी का नया अध्याय है। दिल्ली में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण करने के बाद अब उनकी आगे की राजनीतिक भूमिका पर नजर रहेगी।

फिलहाल, कांग्रेस में उन्हें कोई नई संगठनात्मक जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। उनकी वापसी का उत्तराखंड की राजनीति और पार्टी के संगठन पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

यह भी पढ़ें…

उत्तराखंड में मौसम का कहर! आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद, 136 लोग फंसे

Back to top button