
जेल से छूटते ही रौशन आनंद का धमाका, खान सर पर लगाया भाई की हत्या का आरोप!
Raushan Anand on Khan Sir: ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने जेल से बाहर आते ही सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने अपने भाई प्रिंस की मौत के लिए मशहूर शिक्षक खान सर समेत दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Raushan Anand on Khan Sir: बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। ज्ञान बिंदु कोचिंग (Gyan Bindu Coaching) के संचालक रौशन आनंद (Raushan Anand) सोमवार (15 जून, 2026) को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ गए हैं। जेल की सलाखों से बाहर आते ही रौशन आनंद ने मीडिया के सामने अपने भाई प्रिंस की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर देश के जाने-माने शिक्षक खान सर (Khan Sir) और एक अन्य व्यवसायी पर सीधे तौर पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
“मेरे जेल जाते ही भाई को रास्ते से हटाया”
जेल से रिहा होने के तुरंत बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए रौशन आनंद काफी आक्रामक और भावुक नजर आए। उन्होंने इस पूरी घटना को एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा, “खान सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक ने मिलकर मेरे भाई की हत्या करवाई है। जब तक मैं जेल से बाहर था, तब तक मेरे भाई के साथ कुछ नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही मैं जेल के अंदर गया, वैसे ही साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी गई।”
उन्होंने खान सर (फैसल खान) पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए आगे कहा, “फैसल खान की तरफ से कितना झूठ बोला गया है, आप खुद सोचिए। वहां कोई गोलीबारी नहीं हुई थी। अगर हुई भी तो गोलीबारी किसकी तरफ से की गई थी? वह पूरी तरह से फैसल खान की तरफ से ही साजिश रची गई थी।”
नेपाल में हुई थी भाई प्रिंस की मौत
आपको बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत पड़ोसी देश नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। हालांकि, मौत की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अभी भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इस अचानक हुई घटना से रौशन आनंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ये भी पढ़े- Prince Yadav Death: रौशन सर के भाई की मौत पर बोले खान सर, परिवार को दिया खास मैसेज
सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस संवेदनशील मामले पर बिहार की सियासत और सरकार भी पैनी नजर बनाए हुए है। जेडीयू नेता और सूबे के मंत्री सुनील कुमार ने मामले पर बयान देते हुए कहा, “पटना पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। बिना किसी दबाव या पक्षपात के जो भी उचित और न्यायसंगत होगा, पुलिस वही कार्रवाई करेगी। बिहार में कानून का राज है और खुद पटना के एसएसपी (SSP) इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त एक्शन होगा।”
फिलहाल रौशन आनंद के जेल से बाहर आने और सीधे खान सर का नाम लिए जाने के बाद पटना पुलिस पर जांच को जल्द से जल्द पूरा करने का दबाव बढ़ गया है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में आगे क्या नए मोड़ सामने आते हैं।





