
Bijnor में युवक की मौत पर परिजनों का हंगामा, हत्या की आशंका जताई…
UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के हल्दौर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पांच दिनों से लापता चल रहे युवक गुल्लू का शव कब्रिस्तान के पास झाड़ियों में सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हल्दौर कस्बे की नई बस्ती निवासी गुल्लू 9 तारीख को किसी वाहन से अपने घर लौटा था। परिजनों के अनुसार, उसी दिन दो युवक बाइक पर उसके घर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद से गुल्लू वापस घर नहीं लौटा। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस युवक की तलाश में जुट गई थी।
मृतक के भाई नौशाद ने बताया कि बाइक पर आए युवकों में से एक का नाम शिवम है, जिसे वह पहचानता है। दूसरे युवक के बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है। नौशाद का आरोप है कि गुल्लू को घर से बुलाकर ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। परिवार ने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें…
CM Yogi Action: आधा होगा मंत्रियों का काफिला, योगी सरकार का बड़ा एक्शन; WFH पर जोर
इसी दौरान कब्रिस्तान के निकट झाड़ियों में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराई गई तो वह गुल्लू का निकला। शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते युवक का पता चल जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
यह भी पढ़ें…
‘तेरे हिस्से के मच्छर मुझे काटते हैं…’ AMU में मच्छरदानी को लेकर दो छात्रों में हिंसक झड़प
मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से जांच जारी है। हल्दौर थाना प्रभारी कृष्ण अवतार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग भी मामले के जल्द खुलासे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें…





