UP News: बीच में छोड़कर नहीं…, राष्ट्रगान विवाद पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की सफाई

यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने राष्ट्रगान के दौरान गाड़ी में बैठने वाले वायरल वीडियो पर स्थिति साफ की है।

Satish Mahana: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना (Satish Mahana) ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो और राष्ट्रगान के अपमान से जुड़े आरोपों पर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अधूरा और भ्रामक विश्लेषण फैलाया जा रहा है, जबकि असलियत इससे पूरी तरह अलग है।

उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के समय राष्ट्रगान बजने और उस दौरान उनके अपनी कार की ओर रवाना होने को लेकर उठे विवाद पर सतीश महाना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (X) पर एक विस्तृत बयान जारी कर सच्चाई सामने रखी है।

क्या है पूरा मामला?

सतीश महाना ने अपने संदेश में बताया कि शनिवार को वह उन्नाव के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे, जहां उन्हें पुलिस द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जा रहा था। उसी समय संयोगवश प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के भीतर राष्ट्रगान शुरू हो गया था, जबकि उस वक्त वह ऑडिटोरियम के अंदर मौजूद ही नहीं थे।

सतीश महाना का स्पष्टीकरण?

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बाहर गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने की प्रक्रिया और अंदर प्रेक्षागृह में चल रहा कार्यक्रम दो बिल्कुल अलग-अलग आयोजन थे। कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो साझा कर यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि वे राष्ट्रगान के दौरान रुके नहीं, जबकि वास्तव में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने पूरे सार्वजनिक जीवन तक, उन्होंने, उनके सहयोगियों और कार्यकर्ताओं ने सदैव संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने मीडिया और आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी भ्रामक जानकारी का शिकार न बनें और पूरी सत्यता की जांच करने के बाद ही किसी विषय पर चर्चा करें।

ये भी पढ़े- भारत के CEC ज्ञानेश छात्रों को देंगे ज्ञान

Back to top button