
SRH vs RR: एक तरफ सूर्यवंशी तो दूसरी ओर शर्मा जी…आज होगी रोमांचक टक्कर
IPL 2026 SRH vs RR: आईपीएल का 21वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच 13 अप्रैल को हैदराबाद में खेला जाएगा। दोनों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है।
IPL 2026 SRH vs RR: सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल 2026 का सीजन अभी तक मिलाजुला रहा है। टीम ने कुछ मैच जीते हैं और हारे भी हैं। उसका मुकाबला आज यानी 13 अप्रैल सोमवार को राजस्थान रॉयल्स से होगा, जो इस वक्त जीत के रथ पर सवार है। कोई भी टीम उसे अभी तक हराने में कामयाब नहीं हो पाई है। इस सीजन में राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी बेहतरीन फॉर्म में हैं तो वहीं हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन खेल दिखाया है। क्या राजस्थान का विजय रथ रुक जाएगा या और हैदराबाद की टीम बाजी मारने में कामयाब हो जाएगी।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड
सबसे पहले जान लेते हैं कि SRH और RR के बीच कितनी बार भिड़ंत हुई और कौन कितनी बार बाजी मार चुका है। आंकड़ों पर नजर डालें, तो हैदराबाद और राजस्थान के बीच 21 मैच खेले जा चुके हैं, वहीं जीत हार के आंकड़े को देखें तो हैदराबाद की टीम काफी आगे नजर आती है। 21 मैचों में से 12 बार हैदराबाद विनर रही है, जबकि 9 मैचों में राजस्थान की जीत हुई है। दोनों टीमों के बीच कोई भी मैच बिना रिजल्ट नहीं रहा है।
वैभ सूर्यवंशी का कमाल का खेल
राजस्थान रॉयल्स के लिए अच्छी बात ये है कि टीम के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जबरदस्त फार्म में चल रहे हैं। वे अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अब तक 200 रनों का आंकड़ा छूने में कामयाबी हासिल की है। वहीं स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई ने भी चार मैच में नौ विकेट चटका दिए हैं।
हैदराबाद की टीम तभी खेल में आ सकती है, जब अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी बड़ी और विस्फोटक पारी खेलें। हालांकि टीम को लगातार अपने कप्तान पैट कमिंस की कमी खल रही है।
बाद में बल्लेबाजी करना होगा आसान
हैदराबाद की पिच की बात की जाए तो ये बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है। यहां पर जो भी कप्तान टॉस जीतेगा, उम्मीद है कि वो पहले गेंदबाजी का फैसला करेगा। क्योंकि बाद में बल्लेबाजी काफी हद तक आसान हो जाती है। साथ ही अगर रात में ओस आई तो फिर गेंदबाजों के लिए और भी ज्यादा मुश्किल हो जाएगी। देखना होगा कि कौन सी टीम बाजी मारती है, लेकिन इतना तो पक्का लग रहा है कि आज का मैच काफी धमाकेदार होगा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद- अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा और हर्षल पटेल। जबकि जयदेव उनादकट इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स- वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा शामिल हो सकते हैं। जबकि संदीप शर्मा बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेल सकते हैं।





