
UP में अगले 48 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत इन जिलों में चेतावनी जारी
UP Weather Heavy Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से मेहरबान नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद अब मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है। लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, नोएडा और वाराणसी सहित प्रदेश के लगभग 28 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
राजधानी लखनऊ में भी आज दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. जिसकी वजह से यहां लोगों को परेशानियां हो सकती हैं.
अगले 48 घंटे बारिश का अनुमान
यूपी में बीते 24 घंटों में मानसून की सक्रियता देखी गई, जिसके चलते नोएडा से लखनऊ, प्रयागराज समेत प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश हुई. मंगलवार को आजमगढ़ में 18 सेमी, वाराणसी में 13 सेमी, सोनभद्र और बस्ती में 12-12 सेमी तक बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग की माने तो 27 अगस्त तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है.
राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह से ही घने काले बादलों का डेरा जमा हुआ है और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। इसके अलावा पूर्वांचल और मध्य यूपी के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
यूपी में आज प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फ़तेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर, झांसी, जालौन, औरैया, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
वहीं आगरा, फिरोजाबाद, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, अंबेडकर नगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाज़ीपुर, वाराणसी और चंदौली में आज अनेक स्थानों पर बारिश होने की अलर्ट दिया गया है. मथुरा, हाथरस, इटावा, कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बाराबंकी और बलरामपुर में आज कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
लगातार हो रही बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है और यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी, लेकिन तब तक लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।





