‘बालिका वधू’ की ‘दादी सा’ अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का कार्डिएक अरेस्ट से निधन

Surekha Sikri dies of cardiac arrest

मुंबई। टीवी के मशहूर सीरियल ‘बालिका वधू’ की ‘दादी सा’ दिग्गज अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का कार्डिएक अरेस्ट से निधन हो गया है। वह 75 साल की थीं। उनके मैनेजर ने इसकी पुष्टि की है। सुरेखा लंबे समय से बीमार चल रही थीं।

शुक्रवार की सुबह सुरेखा सीकरी ने मुंबई में अंतिम सांस ली। उनके मैनेजर ने कहा, ‘आज सुबह 75 साल की उम्र में सुरेखा सीकरी का कार्डिएक अरेस्ट से निधन हो गया।

दूसरे ब्रेन स्ट्रोक के बाद वह तमाम जटिलताओं से जूझ रही थीं। परिवारवाले और केयर टेकर उनकी देखभाल कर रहे थे। परिवार इस वक्त प्राइवेसी चाहता है।‘

ब्रेन स्ट्रोक की हुई थीं शिकार

सुरेखा सीकरी सितंबर 2020 में ब्रेन स्ट्रोक की शिकार हुई थीं। उस वक्त उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक मदद भी मांगी थी।

इससे पहले नवंबर 2018 में सुरेखा सीकरी को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। जिसकी वजह से वह पैरालाइज्ड हो गई थीं। वह शूटिंग के दौरान ही गिर पड़ी थीं।

3 बार मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

सुरेखा सीकरी थियेटर, टीवी और फिल्मों का हिस्सा रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1978 में पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘किस्सा कुर्सी का’ से की।

उन्हें 3 बार बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। ये फिल्में तमस (1988), मम्मो (1995) और बधाई हो (2018) थी।

Back to top button