साकार फाउंडेशन के ‘स्वरलहरी’ में गूंजे सुर, लखनऊ हुआ मंत्रमुग्ध

Lucknow News: साकार फाउंडेशन द्वारा 16 अप्रैल को अलीगंज स्थित एक होटल में आयोजित ‘स्वरलहरी’ संगीत कार्यक्रम ने शहर के संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित इस आयोजन में सुर, ताल और उमंग की ऐसी सरिता बही कि हर उपस्थित व्यक्ति खुद को झूमने से रोक नहीं सका।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। कराओके से लेकर लोकगीतों तक हर प्रस्तुति ने माहौल को जीवंत बना दिया। अनुभवी प्रतिभागियों की आवाज़ में जीवन के अनुभवों की मिठास साफ झलक रही थी।

करीब 24 वर्षों से सामाजिक सेवा में सक्रिय साकार फाउंडेशन शिक्षा, जागरूकता और वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का मंच बना, बल्कि वरिष्ठजनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर भी प्रदान किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. रश्मि रॉयचौधरी, डॉ. टीके रॉयचौधरी और डॉ. विनीता सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

एम.सी. श्रीवास्तव, महेश गुप्ता, बबली चौबे, डी.के. श्रीवास्तव, आलोक गुप्ता, अर्चना जायसवाल, मुकेश श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, एम.के. मिश्र, रत्ना श्रीवास्तव, रवींद्र श्रीवास्तव, अनुपमा श्रीवास्तव, ऋचा श्रीवास्तव, सुनील सिन्हा, अंजलि सिंह, अनुराधा गुप्ता, मीरा तिवारी, रजनी तिवारी और शशि गुप्ता समेत अन्य प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतिका श्रीवास्तव की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।

कार्यक्रम का संचालन सुधीर श्रीवास्तव ने अपने खास अंदाज में किया, जबकि साकार फाउंडेशन की सचिव प्रीति लाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत किया।

यह आयोजन सिर्फ संगीत का उत्सव नहीं था, बल्कि इस बात का भी प्रमाण बना कि जुनून और प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती।

Back to top button