
IND vs SL: टीम इंडिया में चोटिल खिलाड़ियों से परेशान BCCI! सपोर्ट स्टाफ पर गिर सकती है गाज
जसप्रीत बुमराह समेत कई स्टार खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने पर BCCI सख्त एक्शन मोड में है। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के बाद सपोर्ट स्टाफ की समीक्षा होगी।
India vs Sri Lanka Test Series: श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम मुश्किलों में घिरती दिख रही है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की समस्या के चलते सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम में पिछले कुछ महीनों से एक के बाद एक स्टार खिलाड़ियों का चोटिल होना अब BCCI के लिए चिंता का विषय बन चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब बोर्ड इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है।
सपोर्ट स्टाफ की कड़ी समीक्षा
रिपोर्ट के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद बीसीसीआई भारतीय टीम के मेडिकल और फिटनेस विभाग की विस्तृत समीक्षा करेगा।
टीम के हेड फिजियो कमलेश जैन, टीम डॉक्टर डॉ. रिजवान खान और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की कार्यप्रणाली को समीक्षा के दायरे में लाया जाएगा। यदि बोर्ड को इस रिव्यू के दौरान सपोर्ट स्टाफ के काम में कोई खामी या लापरवाही नजर आती है, तो उनके अनुबंध को खत्म कर सपोर्ट स्टाफ में बदलाव करने से परहेज नहीं किया जाएगा।
कोच और कप्तान भी परेशान
लगातार हो रही इंजरी की वजह से टीम मैनेजमेंट और कप्तान अपनी पहली पसंद (First Choice XI) की टीम के साथ मैदान पर नहीं उतर पा रहे हैं। कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड दौरे के दौरान भी खिलाड़ियों की इंजरी और मैच की सुबह रणनीति बदलने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
शुभमन गिल ने कहा जब आप सुबह मैदान पर आते हैं और पता चलता है कि किसी खिलाड़ी को निगल (हल्की चोट) है, तो पूरी रणनीति बदलनी पड़ती है। अगर कोई गेंदबाज पूरी तरह फिट नहीं है और बीच में मैदान छोड़ता है, तो बाकी गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव आ जाता है।
चोटिल खिलाड़ियों की लंबी सूची
हाल के दिनों में भारतीय टीम के कई अहम सदस्य फिटनेस समस्याओं और चोटों की वजह से बाहर हुए हैं:
-
जसप्रीत बुमराह: घुटने में परेशानी के कारण श्रीलंका दौरे से बाहर।
-
वाशिंगटन सुंदर: इंग्लैंड दौरे पर लगी चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर।
-
हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी: चोट की वजह से चयन के लिए अनुपलब्ध।
-
साई सुदर्शन: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद ही खेल सकेंगे।
बाहरी विशेषज्ञों का सहारा ले रहे खिलाड़ी?
खबरों के मुताबिक, बोर्ड के मेडिकल सेटअप में लगातार हो रहे बदलावों और नई फिटनेस गाइडलाइंस से कुछ वरिष्ठ खिलाड़ी पूरी तरह सहज नहीं हैं। ऐसे में कई सीनियर खिलाड़ी अपनी रिकवरी और फिटनेस रीहैब के लिए बीसीसीआई के बाहर के विशेषज्ञों (Specialists) से भी सलाह ले रहे हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद बीसीसीआई मेडिकल और स्ट्रेंथ-कंडीशनिंग स्टाफ को लेकर क्या अंतिम फैसला लेता है।





