कोरोना: दैनिक मामलों में गिरावट जारी, एक्टिव केस 544 दिन में सबसे कम

corona virus

नई दिल्ली। कोरोना के नए व खतरनाक वैरिएंट ओमिक्रॉन से दुनिया भर में फ़ैली दहशत के बीच भारत में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले लगातर कम हो रहे हैं।

बीते 24 घंटे में संक्रमण के आठ हजार नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 9 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य होकर घर लौट गए हैं। इस दौरान 236 लोगों की मौत हो गई।

एक्टिव मामलों में लगातार गिरावट जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय  के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के 1,03,859 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा 544 दिन बाद सबसे कम है।

वहीं, 3 करोड़ 40 लाख 81 हजार 183 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3 करोड़ 42 लाख 71 हजार 175 कुल मामले सामने आए हैं। भारत में अब तक कोरोना से 4 लाख 68 हजार 790 लोगों की मौत हो चुकी है।

कई राज्यों में वैक्सीनेशन के बाद भी कोरोना संक्रमित

कई राज्यों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। केरल, महराष्ट्र, मणिपुर, गुजरात समेत अन्य राज्यों में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लेने वाले लोग भी संक्रमित होते दिख रहे हैं। ठाणे के वृद्धाश्रम में करीब 50 से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, केरल में भी कोरोना संक्रमित मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। 

ओमिक्रॉन से दहशत में दुनिया

दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से पूरी दुनिया दहशत में है। नए वैरिएंट को लेकर भारत सरकार भी सतर्क हो गई है।  

दक्षिण अफ्रीकी देशों पर दुनियाभर के कई देशों ने यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट अपना रंग बदलने और वैक्सीन को भी चकमा देने में माहिर है। 

Back to top button