जन्मदिवस पर विशेष: अपने दृढ इरादों से एक अलग पहचान बनाई नरेन्द्र मोदी ने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। भारत के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र दामोदरदास मोदी का आज जन्मदिवस है। उनका जन्म 17 सितम्बर 1950 को वडनगर (गुजरात) के एक गुजराती परिवार में हुआ था।

26 मई 2014 के बाद लगातार दूसरी बार प्रधानमन्त्री बनने वाले नरेन्द्र मोदी भारत के प्रधानमन्त्री पद पर आसीन होने वाले स्वतंत्र भारत में जन्मे प्रथम व्यक्ति हैं।

इससे पहले वे 7 अक्तूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मोदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य हैं।

मोदी ने अपने बचपन में चाय बेचने में अपने पिता की मदद की और बाद में अपना खुद का स्टाल चलाया। आठ साल की उम्र में वे आरएसएस से जुड़े, जिसके साथ एक लंबे समय तक सम्बंधित रहे। स्नातक होने के बाद उन्होंने अपने घर छोड़ दिया।

मोदी ने कई साल तक भारत भर में यात्रा की और कई धार्मिक केन्द्रों का दौरा किया। 1970 वे गुजरात लौटे और अहमदाबाद चले गए। 1971 में वह आरएसएस के लिए पूर्णकालिक कार्यकर्ता बन गए।

1975 में देश भर में आपातकाल की स्थिति के दौरान उन्हें कुछ समय के लिए छिपना पड़ा। 1985 में वे बीजेपी से जुड़े और 2001 तक पार्टी के भीतर कई पदों पर कार्य किया, जहाँ से वे भाजपा में सचिव के पद पर पहुँचे।

गुजरात के भुज में 2001 में आए भूकंप के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के असफल स्वास्थ्य और ख़राब सार्वजनिक छवि के कारण नरेंद्र मोदी को 2001 में मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।

2002 के गुजरात दंगों में उनके प्रशासन को कठोर माना गया है, इस दौरान उनके संचालन की आलोचना भी हुई। हालांकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त विशेष जांच दल (एसआईटी) को अभियोजन पक्ष की कार्यवाही शुरू करने के लिए कोई सबूत नहीं मिला।

प्रधानमंत्री के रूप में मोदी कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। वो सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले पहले गैर कांग्रेसी नेता हैं। आज वो प्रधानमंत्री के रूप में 7 साल 113 दिन पूरे कर लेंगे। लगातार दो बार बहुमत के साथ गैर कांग्रेसी सरकार बनाने का श्रेय भी नरेंद्र मोदी को जाता है।

बतौर गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी पर अमेरिका आने की रोक लगाई गई थी तो 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद वो सबसे ज्यादा 7 बार अमेरिका जाने वाले प्रधानमंत्री बन गए। 24 सितंबर को वो 8वीं बार अमेरिका का दौरा करेंगे।

भाजपा आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन भव्य तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी ने 20 दिन के एक राष्ट्रव्यापी अभियान की योजना बनाई है। इसे सेवा और समर्पण अभियान का नाम दिया गया है।

ये अभियान 7 अक्तूबर को खत्म होगा। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को टीकाकरण का रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी है। इस दौरान रिकॉर्ड 1.5 करोड़ लोगों को टीका लगाने की तैयारी है।

पार्टी इस दौरान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक कार्यालय में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी। मोदी 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले सात साल से प्रधानमंत्री हैं। इतना ही नहीं, कई जगहों पर ब्लड डोनेशन कैंप भी लगेंगे।

Back to top button