‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत 91वीं वाहिनी में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Ek Bharat Shreshth Bharat: सरोजनी नगर स्थित 91वीं वाहिनी परिसर में अधिकारियों, जवानों और महिला कार्मिकों ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिया जनभागीदारी का संदेश

Lucknow: सरोजनी नगर स्थित 91वीं वाहिनी द्रुत कार्य बल परिसर में गुरुवार को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत व्यापक पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। कमांडेंट जितेंद्र कुमार ओझा के मार्गदर्शन में हुए इस अभियान में अधिकारियों, जवानों, महिला कार्मिकों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

पौधरोपण अभियान के दौरान परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जवानों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

पर्यावरण संतुलन में पेड़ों की अहम भूमिका
इस अवसर पर कमांडेंट जितेंद्र कुमार ओझा ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ केवल शुद्ध वायु उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और वन्यजीवों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पौधों को लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित किया जाए।

यह भी पढ़ें…

हेड कांस्टेबल परीक्षा में नकल के आरोप, हाईकोर्ट में रिजल्ट पेश; दोबारा परीक्षा की मांग…

वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे अनुकूल
कमांडेंट ओझा ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय होता है। इस मौसम में पौधों को पर्याप्त नमी मिलने के कारण उनके विकसित होने की संभावना अधिक रहती है। उन्होंने आमजन से भी पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का रूप दिया जा सकता है।

यह भी पढ़ें…

NDA को मजबूत करने की तैयारी में RLD, ऐश्वर्य राज सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

अधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय ग्रुप केंद्र लखनऊ के उप-प्रधानाचार्य कमलेश कुमार, भारतीय स्टेट बैंक बिजनौर के शाखा प्रबंधक इंदरजीत, पोस्ट ऑफिस बिजनौर के एसपीएम यश यादव, थाना बिजनौर के उप निरीक्षक विपिन कुमार और राजपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

91वीं वाहिनी की ओर से द्वितीय कमान अधिकारी सोहन सिंह, विवेक कुमार सिंह, उप कमांडेंट विक्रांत कुमार, विवेक कुमार, अरुण कुमार तिवारी, सीएमओ डॉ. अभिषेक पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, महिला कार्मिक और जवानों ने भी पौधरोपण अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सभी ने अपनी जिम्मेदारी निभाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान न केवल परिसर को हरा-भरा बनाने में मदद करते हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी काम करते हैं।

यह भी पढ़ें…

UP News: तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, तेज धूप और उमस से कई स्कूली छात्र बेहोश

Back to top button