कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव; प्रदर्शनकारी को पुलिस ने रोका

Congress Protest in UP: यूपी कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में बुधवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया.

 

कांग्रेस कार्यकर्ता, अजय राय के साथ भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए जा रहे थे. बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया. पुलिस ने पहले से ही 3 लेयर की बैरिकेडिंग कर रखी थी. रोके जाने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर ही विरोध प्रदर्शित करने के लिए बैठ गए.

काफी देर तक उनका यह प्रदर्शन चलता रहा. इसके बाद कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और प्रदर्शन समाप्त कराया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया है. कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय जा रहे थे लेकिन, पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया, जो सही नहीं है. हमें प्रदर्शन का अधिकार है.

प्रदर्शन से पहले प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कोर्ट ने जो फैसला सुनाया है उससे तय हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी ईडी का गलत इस्तेमाल कर रही है. जनता भी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ होने लगी है. उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक मुस्लिम महिला के साथ चेहरे से बुर्का हटाने की हरकत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत ही गलत है.

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद की प्रतिक्रिया पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह बहुत ही गलत बयान है. मुख्यमंत्री योगी को अपनी कैबिनेट से संजय निषाद को बर्खास्त कर देना चाहिए.

Back to top button