UP News: स्कूल में 15 अगस्त पर बुर्के में हिंदू छात्राओं से कराया डांस!, वीडियो वायरल होने पर बवाल

यूपी के गोंडा जिले के एक निजी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से बुर्का पहनकर डांस कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

UP News: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक विवादित मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी विद्यालय में 15 अगस्त के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हिंदू छात्राओं को कथित तौर पर बुर्का पहनाकर मंच पर डांस कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

कार्यक्रम की यह प्रस्तुति सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है, जिसके बाद पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला गोंडा जिले के एक स्थानीय निजी स्कूल का बताया जा रहा है। 15 अगस्त के मौके पर स्कूल परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सांस्कृतिक गीतों पर छात्रों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जा रही थीं। इसी बीच एक प्रस्तुति के दौरान छात्राओं को बुर्का पहनकर मंच पर नृत्य करते हुए देखा गया। जैसे ही इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आया, हिंदूवादी संगठनों और अभिभावकों ने इस पर कड़ा एतराज जताया।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Live New India (@livenewindia01)

डांस करने वाली सभी छात्राएं हिंदू: रामकृष्ण मौर्या

वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद नॉलेज बीम अकादमी के प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने अपना एक वीडियो संदेश जारी कर मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका और छात्राओं का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना था, किसी समुदाय विशेष की भावनाओं को आहत करना नहीं था. उन्होंने वादा किया कि भविष्य में ऐसी गलती कभी दोहराई नहीं जाएगी।

प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने अपने वीडियो बयान में कहा कि कार्यक्रम में नकाब पहनकर डांस करने वाली सभी लड़कियां हिंदू थीं और उनमें कोई भी मुस्लिम बच्ची शामिल नहीं थी. अगर इस प्रोग्राम से किसी मुस्लिम भाई या अन्य समुदाय को दुख पहुंचा है, तो वह इसके लिए बार-बार और करोड़ों बार क्षमा मांगने के लिए तैयार हैं.

शिक्षा विभाग ने बैठाया जांच 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोंडा पुलिस और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने तुरंत संज्ञान लिया है।  प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि स्कूल प्रबंधन या किसी शिक्षक की लापरवाही या मंशा संदिग्ध पाई जाती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button