
अयोध्या में लगेगी कोरियाई महारानी की 10 फीट ऊंची प्रतिमा, जानिए क्या है खासियत?
Ayodhya News: दक्षिण कोरिया की महारानी हो 10 फीट ऊंची प्रतिमा अयोध्या पहुंच गई है। 24 दिसंबर को सरयूतट स्थित रानेी हो पार्क में प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मूर्ति को बनाने में करीब 21 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
Ayodhya News: यूपी की रामनगरी अयोध्या में पहली बार सार्वजनिक स्थान पर तीन दिवसीय क्रिसमस फीस्ट का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सरयू तट पर स्थित इंडो-कोरियन पार्क में होगा। पहले दिन 24 दिसम्बर को दक्षिण कोरिया की महारानी सूरी रत्ना (हो) की 10 फीट ऊंची व 48 टन वजनी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। यह मूर्ति कोरिया गणराज्य की राजधानी सियोल से लाई गई है। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा अनुबंधित संस्था अयोध्या क्रूज लाइन ने 12 लाख की कस्टम ड्यूटी का भुगतान किया है।
कौन थी राजकुमारी सूरी रत्ना ”Rani-Ho”
मान्यता है कि अयोध्या की राजकुमारी रहीं क्वीन हो ने कोरिया जाकर वहां के राजा से विवाह किया था, जिससे दोनों देशों के बीच हजारों वर्ष पुराने संबंधों की नींव पड़ी। इसी स्मृति को जीवंत रखने के लिए कोरिया पार्क में यह प्रतिमा स्थापित की जा रही है। सरयू तट पर कोरिया पार्क की स्थापना वर्ष 2000 में की गई थी। 2021 में करीब 22 करोड़ की लागत से कोरिया पार्क का विस्तारीकरण किया गया।
लोगों के लिए खुल जाएगा पार्क
रामनगरी में पर्यटकों के लिए 24 दिसंबर से भारत और दक्षिण कोरिया के बीच संबंधों पर स्थापित रानी हो पार्क को खोल दिया जाएगा। जिसके पहले चरण में 24, 25 और 26 दिसंबर तक इंडो कोरियन क्रिसमस मेले का भी आयोजन होगा। जिसमे विभिन्न स्कूलों के बच्चों को प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम के आयोजक राहुल शर्मा ने बताया कि मेला के दौरान अयोध्या वासियों को जोड़ने और शहर में नवनिर्मित पार्क की स्थापत्य कला व एक-दूसरे की संस्कृति से परिचित कराया जाएगा।
तीन दिवसीय इंडो कोरियन क्रिसमस मेला
इसके लिए स्कूल के छात्र-छात्राओं को नृत्य -संगीत, पेंटिंग व रंगोली के आयोजन में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर दुबई और गोवा का टूर भी दिया जायेगा। इसके साथ तुलसी दिवस पर विद्वत गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मेले में कोरियन विलेज, कोरियन स्टोर व कोरियन फूड स्टार भी लगाए जाएंगे, जो कि टूरिज्म को बढ़ावा देने की दृष्टिगत निर्धारित किए गए हैं।





