UP News: हाथ में बेलन और खाली सिलेंडर… गैस किल्लत पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

LPG Shortage: उत्तर प्रेदश के बस्ती जिले में LPG को लेकर भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. रसोई गैस की समस्या और बढ़ती कीमतों को लेकर महिलाओं का गुस्सा बढ़ गया है.

LPG Shortage: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रसोई गैस को लेकर हो रही परेशानी ने आम लोगों की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. खासकर घरेलू महिलाएं इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशान हैं. इसी के विरोध में बस्ती में बुधवार को सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं और अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया. महिलाओं ने हाथों में बेलन, चौका और खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया.

गैस सिलेंडर और बेलन किया प्रदर्शन

बुधवार को कलेक्ट्रेट की सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सैकड़ों की संख्या में महिलाएं खाली गैस सिलेंडर और बेलन लेकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने निकल पड़ीं. महिलाओं का आरोप है कि गैस वितरण केंद्रों पर जमकर धांधली और कालाबाजारी हो रही है, जिससे आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है.

‘अंधेर नगरी चौपट राजा’

अलग-अलग इलाकों में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा है. प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि स्थानीय गैस वितरण केंद्रों पर ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ वाला हाल है. घंटों लाइन में लगने के बाद भी लोगों को लौटा दिया जाता है, जबकि रसूखदारों और ऊंची पहुंच वालों को पिछले दरवाजे से सिलेंडर मुहैया कराए जा रहे हैं. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि गैस न मिलने के कारण घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है.

ये भी पढ़े-  UP News: तेल के लिए मचे हाहाकार का वीडियो वायरल, भगौना लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचे लोग

बच्चों को बिना खाना खिलाए स्कूल भेजना पड़ रहा है. घर के बुजुर्ग भूखे रहने को मजबूर हैं. जमीनी हकीकत यह है कि महिलाएं धुएं में खाना बनाने को मजबूर हो रही हैं, क्योंकि उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा. महिलाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा, जिसमें गैस सिलेंडर की समस्या को जल्द से जल्द दूर करने की बात कही गई.

ये भी पढ़े- पेट्रोल-डीजल खत्म की अफवाह से बिगड़ी व्यवस्था, अवध क्षेत्र में पंपों पर जबरदस्त भीड़

 

Back to top button