
पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की जेल में बिगड़ी तबीयत, रात में BRD मेडिकल कॉलेज रेफर
Former IPS Amitabh Thakur Health: देवरिया की जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की मंगलवार की देर रात अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया।
Former IPS Amitabh Thakur Health: यूपी की देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। रात करीब 11:30 बजे उन्हें हार्ट संबंधी दिक्कत हुई। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रात 2 बजे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अमिताभ ठाकुर धोखाधड़ी मामले में 10 दिसंबर से न्यायिक हिरासत में हैं।
हार्ट अटैक की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, गोरखपुर में जांच के दौरान डॉक्टर्स ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। फिलहाल उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की मॉनिटरिंग में चल रहा है। मंगलवार को ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। बताया जा रहा है कि वो इसके बाद से परेशान थे।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 1 बजे कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें शाम 3 बजे वापस जेल लाया गया। रात 9.30 बजे उन्होंने डिनर किया। दो रोटी और सब्जी खाई। इसके बाद कुछ लिखते रहे। रात 12 बजे के आसपास अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। बेचैनी होने लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
इस पूरे मामले में कई साल बाद एक समाजसेवी की तहरीर पर देवरिया कोतवाली में केस दर्ज किया गया. इसके बाद अमिताभ ठाकुर को 9-10 दिसंबर की रात शाहजहांपुर जिले से ट्रेन से अरेस्ट कर लिया गया था. इसके बाद उन्हें देवरिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया था. इस मामले में अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर भी आरोपी हैं. मामले की सुनवाई अब तक जारी है और अदालत ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए अगले फैसले के लिए 7 जनवरी की तारीख तय की है.





