Bihar: वैशाली नाव हादसे पर CM योगी ने जताया दुख, 13 मासूमों की मौत

Bihar Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर दियारा इलाके में मंगलवार देर शाम हुए दिल दहला देने वाले नाव हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हृदयविदारक दुर्घटना में 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक संदेश जारी कर मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

“दिवंगत आत्माओं को मिले शांति”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बिहार के वैशाली जिले में हुई यह नाव दुर्घटना और उसमें हुई भारी जनहानि अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। सीएम योगी ने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, “मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और दुर्घटना में घायल हुए लोगों को शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे बच्चे

उल्लेखनीय है कि यह भीषण हादसा वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नदी में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे घटित हुआ। करीब 20 से 25 बच्चे एक छोटी और जर्जर नाव पर सवार होकर पड़ोस के गांव में आयोजित एक श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे। नदी पार करते समय अचानक नाव असंतुलित होकर गंगा की तेज धारा में पलट गई, जिससे नाव पर सवार सभी बच्चे पानी में डूब गए।

राष्ट्रपति मुर्मू वैशाली नाव हादसे से आहत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ‘वैशाली जिले में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’

स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 13 बच्चों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि कई अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस त्रासदी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्य नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।

Back to top button