हिजाब-घूंघट में आने वालों से व्यापार नहीं, झांसी व अमेठी के बाद लखनऊ के ज्वैलर्स का फैसला

Decision of Lucknow Jewellers : व्यापारियों ने कहा कि वह मजबूर हैं। जितना वह कमा नहीं रहे हैं, उससे ज्यादा टप्पेबाजी व लूट की घटनाओं में उनके सोने व चांदी के गहने गायब हो जा रहे हैं।

Decision of Lucknow Jewellers : उत्तर प्रदेश में नकाब-हिजाब, घूंघट, हेलमेट या मास्क लगाकर आने वालों से व्यापार नहीं करने की मुहिम तेज हो रही है। झांसी में इसे लेकर ज्वेलर्स ने तो अपनी दुकानों के बाहर पोस्टर तक लगा दिए थे। अब राजधानी लखनऊ में इसी तरह का फैसला लिया गया है। पूरे प्रदेश के व्यापारियों से इस फैसले के पक्ष में एकजुट होने की अपील की गई है। कहा गया है कि चेहरा ढंककर आने वालों से कोई सराफा दुकानदार किसी भी तरह का लेनदेन या व्यापार नहीं करें। इसका उद्देश्य दुकानों में होने वाली लूट, टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

पुरुषों को उतारना होगा हेलमेट व मास्क

चौक सर्राफा एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदिश जैन कहते हैं कि गंगा जमुनी तहजीब को बनाए रखेंगे। पुरुषों को शोरूम में प्रवेश करने से पहले हेलमेट व मास्क उतारना होगा। महिलाओं को छूट होगी। जैन के मुताबिक ग्राहक को जिस डिब्बे से माल दिखाया जाता है, पहले उसका वजन किया जाता है और फिर दिखाने के बाद वजन होता है। कारोबारियों को अपने प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बढ़ानी चाहिए न कि ऐसे प्रतिबंध लगाने चाहिए। फिलहाल सर्राफा कारोबारियों के संगठनों में इस मुद्दे को लेकर तलवारें खिंच गई हैं।

ग्राहक को हटाना होगा चेहरे से नकाब

गोमती नगर के होटल क्लिक कलेक्शन में शुक्रवार को हुई बैठक में निर्णय किया गया कि शोरूम में मुंह ढककर प्रवेश करने वाले महिला व पुरुष ग्राहक से व्यापार नहीं किया जाएगा। ग्राहक को गेट पर ही चेहरे से नकाब हटाना पड़ेगा, तभी उसे प्रवेश दिया जाएगा।आल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष और लखनऊ महानगर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि पूरे प्रदेश के ज्वेलर्स इसे सख्ती से अपनी-अपनी दुकानों में लागू करें।

ये भी पढ़े- UP में संपत्ति हस्तांतरण में छूट, परिवार के बीच गिफ्ट डीड पर केवल ₹5,000 स्टांप शुल्क

सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया कड़ा फैसला

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष और लखनऊ महानगर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। व्यापारियों का तर्क है कि हाल के दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल आया है।

ये भी पढ़े- लखनऊ में ग्रीन मोबिलिटी को नई उड़ान, अशोक लेलैंड की EV प्लांट का CM ने किया उद्घाटन

इसके कारण सराफा की दुकानें अपराधियों के निशाने पर हैं। पिछले कुछ समय में प्रदेश के विभिन्न जिलों में लूटमार और टप्पेबाजी की ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जिनमें अपराधी चेहरा ढंककर आए थे। इससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।

ये भी पढ़े- वोट कटने के बाद अलर्ट मोड पर भाजपा… सीएम योगी ने 75 जिलों को दिया टास्क

Back to top button