
Kannauj Case: कन्नौज रेप केस में नया मोड़, पीड़िता के करीबी की संदिग्ध भूमिका…
Kannauj Case: कन्नौज के सपा नेता नवाब सिंह यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कन्नौज मामले की नाबालिग पीड़िता के मेडिकल टेस्ट में रेप की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के खिलाफ बलात्कार की धाराएं बढ़ा दी हैं।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में समाजवादी पार्टी के एक नेता से जुड़े मामले में 15 वर्षीय लड़की की मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हो गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार आनंद ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता की उसके माता-पिता की सहमति से मेडिकल जांच कराई गई जिसमें उससे रेप की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया, ‘लड़की ने मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने बयान में भी रेप की बात कही है।’ पहले पुलिस ने सिर्फ छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज करके नवाब सिंह को गिरफ्तार किया था। साथ ही किशोरी की बुआ का एक वीडियो भी मंगलवार को जारी हुआ था, जिसमें नवाब सिंह को साजिशन फंसाने की बात कही गई थी। इस बयान के बाद पुलिस बुआ की तलाश कर रही है।
बुआ की भूमिका संदिग्ध
नवाब सिंह यादव को जिस समय कन्नौज पुलिस (Kannuaj News) ने गिरफ्तार किया था, उसके साथ कमरे में दुष्कर्म का शिकार किशोरी की बुआ भी थी. वो ही किशोरी को नवाब सिंह के पास लेकर आई थी. जब नवाब सिंह पकड़ा गया तो बुआ वहां से निकल गई. अगले दिन बुआ ने मीडिया से बातचीत और नवाब सिंह के खिलाफ साजिश होने की बात कही. हालांकि उसने पुलिस से अभी मुलाकात नहीं की है. कन्नौज एसपी अमित कुमार आनंद का कहना है कि किशोरी की बुआ से भी पूछताछ की जाएगी. उसकी भूमिका संदिग्ध लग रही है।
पुलिस के अनुसार यादव एक निजी कॉलेज का प्रबंधक है जिसने लड़की और उसकी बुआ को रविवार रात नौकरी दिलाने के बहाने कॉलेज बुलाया था। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नवाब सिंह यादव की जमानत याचिका पर बुधवार को स्थानीय अदालत में सुनवाई होनी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) कमलेश कुमार ने कहा, ‘लड़की का मेडिकल परीक्षण आज उसके माता-पिता की सहमति से कराया गया। नवाब सिंह यादव की जमानत पर 14 अगस्त को पोक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) मामलों की न्यायाधीश अलका यादव की अदालत में होनी है।’





