
UP में ट्रिपल मर्डर; चंदे के हिसाब पर विवाद में रंजिश और कत्लेआम
Pilibhit Crime News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जिले के अमरिया थाना क्षेत्र में रामलीला मेला कमेटी के खर्च और आय-व्यय (हिसाब-किताब) को लेकर हुआ मामूली विवाद रविवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया।
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और भारी तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिसाब मांगने पर बढ़ा विवाद
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के लेन-देन और पुराने हिसाब-किताब को लेकर बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच आय-व्यय के विवरण को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी व अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई।
इस खूनी संघर्ष में गोली लगने से 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव और 30 वर्षीय अंकित गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित के सगे भाई मोहित गुप्ता (38) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़े-आजम खां से जेल में पूछताछ, रामपुर में ED की चार सदस्यीय टीम
मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक (SP) सुकीर्ति माधव, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) हिमांशु गौरव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।
एहतियात के तौर पर अमरिया कस्बे में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े-Lucknow: होटल सेलेस्टियल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती, साथ ठहरा युवक फरार





