UP News: शामली जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही, सड़क पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

Shamli Hospital News: शामली में बड़ी लापरवाही सामने आई है। शामली के जिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला को भर्ती न करने पर महिला ने बाहर अस्पताल के परिसर में सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

Shamli Hospital News: शामली: उत्तर प्रदेश के Shamli से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिला अस्पताल में कथित लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला को भर्ती से इनकार कर दिया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल के गेट के बाहर ही खुले में बच्चे को जन्म देना पड़ा। मौके पर मौजूद महिलाओं ने चादर डालकर प्रसव कराया।

गर्भवती को भर्ती करने से इनकार

जानकारी के अनुसार बागपत जिले के असारा गांव निवासी उस्मान ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम उसकी पत्नी कौशर को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। वह पहले उसे कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया, जहां हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया।

आरोप है कि रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए भर्ती करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जैसे ही वे अस्पताल गेट से बाहर निकले, महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई।

इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने चादर डालकर अस्पताल गेट के बाहर ही प्रसव कराया। घटना का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

जिला अस्पताल में हाल ही में गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन की सुविधा शुरू की गई है। इसके बावजूद सवाल उठ रहा है कि जब सुविधा उपलब्ध थी तो महिला को भर्ती क्यों नहीं किया गया और उच्च चिकित्सालय ले जाने की सलाह क्यों दी गई। वहीं यदि महिला की हालत गंभीर थी तो वह अस्पताल गेट से कुछ ही दूरी पर सुरक्षित प्रसव कैसे कर पाई।

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं किया गया। पूरे मामले की रिपोर्ट लखनऊ भेज दी गई है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button