UP News: जीरो विजिबिलिटी ने ढाया कहर, बागपत में एक के बाद एक भिड़े कई वाहन

Baghpat News: बागपत में कोहरे के कारण मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. जहां एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए. जिससे हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. वहीं कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त भी हो गए.

Baghpat News: दिल्ली-अक्षरधाम से बागपत तक बने एक्सेस कंट्रोल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण करीब डेढ़ दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण टक्कर में दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हसनपुर मसूरी- मविकला गांव के पास अचानक छाई घनी धुंध के कारण तकरीबन 20 गाड़ियां आपसे में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हाईवे पर मच गई चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम थी। वाहन चालक आगे चल रहे वाहनों को देख नहीं पा रहे थे। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने और कम दृश्यता के कारण पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। हादसे में कार, पिकअप और अन्य निजी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही बागपत और खेकड़ा कोतवाली पुलिस, एनएचएआई और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल खेकड़ा सीएचसी और बागपत जिला अस्पताल भिजवाया गया।

गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है। घायलों में खेकड़ा निवासी अशोक शर्मा, चरथावल के रहने वाले रफीक, नफीसा, सद्दाम और यूसुफ शामिल हैं। इनमें सद्दाम की हालत बेहद नाजुक है, हादसे में उनका एक पैर कटकर अलग हो गया, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है।

ये भी पढ़े-लखनऊ में जुआरियों का कहर… दो युवकों पर चाकू और रॉड से हमला, हालत गंभीर

एएसपी बागपत मौके पर पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलने पर एएसपी बागपत प्रवीण सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी खेकड़ा सीएचसी पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि हादसे में घायल सभी लोग निजी वाहनों से दिल्ली की ओर जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी इसी हाईवे पर कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें अनेक लोग घायल हुए थे।

ये भी पढ़े- गोरखपुर सड़कों पर उतरी कांग्रेस… मणिकर्णिका घाट विवाद में सरकार को घेरा

प्रशासन और वाहन चालकों की चिंता बढ़ी

लगातार हो रही घटनाओं ने प्रशासन और वाहन चालकों दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

ये भी पढ़े- UP News: एटा में कत्लेआम! दिनदहाड़े एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या…

Back to top button