
Lucknow News: रेप, ब्लैकमेल और वसूली! युवती की जिंदगी से सालों तक खेला दरिंदा
Lucknow News: लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में युवती ने पूर्व परिचित पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और दो लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पूर्व परिचित पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर वर्षों तक ब्लैकमेल करने और दो लाख रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
किताब दिलाने के बहाने ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2015 में आरोपी शंत शरण मौर्या उनके पिता से मिलने घर आता-जाता था, जिससे उसकी पहचान हुई।
11 मई 2015 को आरोपी किताब दिलाने के बहाने युवती को डालीगंज ले गया, जहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता उस समय चुप रही।
सालों तक होटल और दोस्तों के घर ले जाकर शोषण का आरोप
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कई वर्षों तक युवती को कॉलेज के बाहर रोककर जबरन होटलों और अपने परिचितों के घर ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
ये भी पढ़े- लखनऊ में दबंगों की दरिंदगी… युवक को पीटकर कोमा में पहुंचाया, पत्नी से भी मारपीट
ब्लैकमेल कर वसूले दो लाख, चार बार तुड़वाया शादी का रिश्ता
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में जब उसकी शादी तय हुई, तो आरोपी ने दो लाख रुपये की मांग की। दबाव में आकर युवती ने जुलाई 2022 में अपनी मां के खाते से पैसे निकालकर आरोपी को दे दिए। इसके बावजूद आरोपी ने वर पक्ष को अश्लील तस्वीरें भेज दीं, जिससे शादी टूट गई। आरोप है कि 2023 से 2025 के बीच चार बार शादी तय होने पर आरोपी ने हर बार अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वा दिया।
ये भी पढ़े- UP News: शाहजहांपुर में रिश्ते हुए शर्मसार, मामी के प्रेम में भांजा बना हत्यारा…
तेजाब से जलाने की धमकी
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उसे तेजाब से जलाने की धमकी देता रहा। 30 नवंबर 2025 को पिता की दवा लेकर जाते समय गल्ला मंडी, सीतापुर रोड पर आरोपी और उसके भांजे ने उसे रोककर मारपीट की। पुलिस के पहुंचने पर चौकी में समझौता करा दिया गया। बाद में जब कानपुर निवासी युवक से विवाह तय हुआ, तो आरोपी वहां पहुंचा और वर पक्ष को अश्लील वीडियो दिखा दी, जिससे शादी फिर टूट गई।
ये भी पढ़े- लखनऊ में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट… युवक गंभीर रूप से झुलसा
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मड़ियांव थाना पुलिस ने आरोपी शंत शरण मौर्या (निवासी फैजुल्लागंज) के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे विधिक कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़े- कमरा बुक करो, डिमांड बताओ! देवरिया का होटल बना ‘अय्याशी का अड्डा’…





