शिवा शर्मा हत्याकांड: आरोपी श्रद्धा दुबे ने शेयर किया Video, बोली- ‘मैं गायब नहीं’

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चर्चित कैफे संचालक शिवा शर्मा (Shiva Sharma) की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद से फरार चल रही मुख्य आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey) ने अपना एक वीडियो जारी कर इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है।

वीडियो में श्रद्धा ने दावा किया है कि शिवा शर्मा की मौत कोई हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। वहीं दूसरी ओर, पुलिस और एसआईटी लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

“मैं कहीं गायब नहीं हूं”

वायरल हुए वीडियो में मॉडल श्रद्धा दुबे हाथ जोड़कर सफाई देती नजर आ रही है। उसने कहा कि वह इस मामले में कहीं भी फरार या गायब नहीं हुई है। श्रद्धा ने कहा, “मैं पुलिस के सामने आकर अपना बयान दर्ज कराना चाहती हूं और जो भी सच है, उसे सामने रखना चाहती हूँ। लेकिन फिलहाल मेरी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके कारण मैं तुरंत सामने आने में असमर्थ हूँ।

मेरा नाम बेवजह कई लोगों और बड़े राजनेताओं व अधिकारियों के साथ जोड़ा जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। सोशल मीडिया पर या किसी के इंस्टाग्राम से जुड़े होने का मतलब यह नहीं है कि मेरा इस घटना से जुड़ाव या उन रसूखदारों से कोई संबंध है। किसी भी लड़की के बारे में कुछ भी बोलने से पहले लोगों को सौ बार सोचना चाहिए।”

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि गत 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर युवा व्यवसायी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतक की मां रंजना शर्मा ने हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर आदिल समेत अन्य लोगों पर उनके बेटे को धक्का देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और अन्य नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें और सर्विलांस यूनिट आरोपियों की तलाश में लगातार लखनऊ से लेकर नेपाल सीमा तक छापेमारी कर रही हैं। हाल ही में नेपाल बॉर्डर के पास बहराइच जिले में श्रद्धा से जुड़ी एक एसयूवी (SUV) गाड़ी भी लावारिस हालत में बरामद हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धा के वीडियो जारी करने भर से कानूनी शिकंजा कम नहीं होगा। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल एविडेंस के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है, और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button