
कोडीन केस में बुलडोजर एक्शन की तैयारी, विधानसभा में सपा पर जमकर बरसे CM योगी
UP Assembly Winter Session2025: कोडीन कफ सिरप मामले पर विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यूपी में कोडीन सिरप से कोई मौत नहीं हुई और यह पूरा मामला अवैध सप्लाई का है.
UP Assembly Winter Session2025: आज उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र का दूसरा दिन है. समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने कोडीन कफ सिरप के मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया. इस पर CM योगी आदित्यनाथ गरज पड़े. उन्होने कहा उत्तर प्रदेश में कोई मौत नहीं हुई है. एनडीपीएस के अंतर्गत कार्रवाई होगी. उन्होने ये भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस लड़ाई को लड़ा है और उसको जीता है और इस मामले में कोई भी अपराधी छूटने नहीं पाएगा. सीएम ने सपा से जुड़े लोगों पर जांच में सामने आने का दावा किया और चेतावनी दी कि इस मामले में जब बुलडोजर एक्शन होगा, तब चिल्लाना मत.
समाजवादी पार्टी पर सीधा आरोप
मुख्यमंत्री योगी यहीं नहीं रुके. उन्होंने दावा किया कि जब भी देश में इस तरह के मामलों पर चर्चा होती है, तो कुछ लोग तुरंत देश छोड़कर भाग जाते हैं. उन्होंने कटाक्ष किया कि आपके बबुआ भी जाएंगे, इंग्लैंड घूमकर आएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि जिन बड़े होलसेलरों को एसटीएफ ने पकड़ा था, उन्हें लाइसेंस समाजवादी पार्टी के शासनकाल में दिया गया था. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस पूरे नेटवर्क में सपा से जुड़े लोग बार-बार सामने आ रहे हैं.
आंकड़ों के साथ सरकार का जवाब
सदन में मुख्यमंत्री ने सरकार की कार्रवाई का पूरा ब्यौरा भी रखा. उन्होंने बताया कि अब तक 79 केस दर्ज किए गए हैं, 225 लोग नामजद किए गए हैं, 78 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, 134 फर्मों पर छापेमारी की गई है. सीएम योगी ने कहा कि अगर कोई इस मामले की गहराई में जाएगा, तो घूम-फिरकर वही लोग सामने आएंगे, जिनके तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं.
ये भी पढ़े- लखनऊ में BJP की बड़ी बैठक… जेपी नड्डा और सीएम योगी समेत शीर्ष नेता मौजूद
तुष्टीकरण के इतिहास पर प्रहार
विधानसभा में मुख्यमंत्री ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 1937 में लखनऊ से ही मोहम्मद अली जिन्ना ने ‘वंदे मातरम’ के खिलाफ नारा बुलंद किया था. उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने सुभाष चंद्र बोस को पत्र लिखकर मुस्लिम समाज की असहजता की बात कही और 26 अक्टूबर 1937 को कांग्रेस ने इस गीत के अंश हटाने का निर्णय लिया. सीएम के अनुसार, जिसे सद्भाव कहा गया, वह असल में तुष्टीकरण की शुरुआत थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत भारतीयों के लिए केवल गीत नहीं, बल्कि एक संस्कार है.
ये भी पढ़े- देश में दो नमूने, एक UP में और दूसरा…’, CM योगी के ऐसा कहते ही भड़क गई सपा
‘सच कड़वा होता है, गुमराह करना छोड़ें’
सपा पर तीखा प्रहार करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष को गुमराह करना बंद करना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि विभोर राणा जैसे लोगों को सपा सरकार ने 2016 में लाइसेंस जारी किए थे, जबकि वर्तमान सरकार उन पर कार्रवाई कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास केवल तथ्य नहीं बल्कि एक चेतावनी है और नई पीढ़ी को सच जानने का अधिकार है. उन्होंने मांग की कि जो लोग आज भी वंदे मातरम का बहिष्कार कर रहे हैं, उन्हें देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए.
ये भी पढ़े- UP में 1.5 लाख सरकारी नौकरियों की मेगा भर्ती… CM Yogi ने ली विभागवार रिक्तियों की रिपोर्ट





