
BHU हॉस्टल के मेस में बनी सब्जी में मरी छिपकली, गुस्साए छात्रो ने की नारेबाजी
UP News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डालमिया छात्रावास में मेस के खाने में मरी छिपकली मिलने के मामले में वीसी ने जवाब रिपोर्ट मांगी है। इसके अलावा मेस को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
UP News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डालमिया हॉस्टल से छात्रों की सेहत से खिलवाड़ का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां हॉस्टल के मेस में छात्रों को परोसी गई सब्जी में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिन छात्रों ने वह भोजन कर लिया था, वे डर और घबराहट के मारे तुरंत अस्पताल की तरफ भागे। सब्जी में मरी छिपकली की जानकारी मिलते ही अन्य छात्रों में भी आक्रोश पनप गया।
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में गुस्साए छात्र मेस के बाहर इकट्ठा हो गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर गुस्से का इजहार किया।
VC ने मांगा जवाब
छात्रों ने कहा – वेज और नॉन वेज एक ही तेल में बनाया जाता है। बर्तन भी अच्छे से साफ नहीं होते हैं। छात्रावास में टॉयलेट समय पर साफ नहीं होते। छात्रों ने पीने के पानी की भी कई समस्याएं गिनाईं। वार्डेन ने छात्रों से कहा कि वाटर कूलर की समस्या नहीं है लेकिन नीचे रखे एक वाटर कूलर को किसी छात्र ने लात मारकर तोड़ दिया था, जिसके बाद उसे मेस के अंदर रखवा दिया गया। साथ ही अन्य समस्याओं को भी जल्द दूर कराने का आश्वासन दिया।
आगामी आदेश तक बंद रहेगा मेस
वार्डेन ने कहा – सभी छात्रों को आश्वस्त किया गया कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी अथवा अन्य समस्या की स्थिति में वे तत्काल छात्रावास प्रशासन से संपर्क करें। छात्रावास प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध रहेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक संरक्षक एवं समस्त संरक्षकगणों की उपस्थिति में संबंधित मेस एवं कैंटीन को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक बंद किए जाने का निर्णय लिया गया।





