
UP Weather: UP में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अटैक, IMD ने जारी किया अलर्ट
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में लगातार ठंड पड़ रही है. अब इसी को लेकर मौसम विभाग यानी आईएमडी ने यूपी के इन शहरों के लिए बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है।
UP Weather IMD Alert: सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे राहगीरों और ड्राइवरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही. आगरा और प्रयागराज जैसे शहरों में शून्य विजिबिलिटी के कारण सड़कों पर गाड़ियां धीमी गति से चलती नजर आईं. पिछले शनिवार और रविवार को भी यूपी और हरियाणा में कोहरे के कारण कई हादसे हुए थे. प्रशासन ने लोगों से सुबह के समय बेहद सावधानी बरतने और गाड़ी धीमी गति से चलाने की अपील की है.
सुबह के कोहरे से बढ़े सड़क हादसे
15 दिसंबर की सुबह घने कोहरे का असर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में देखने को मिला, जहां दृश्यता कम होने के कारण कई छोटे-बड़े सड़क हादसे सामने आए। कई स्थानों पर विजिबिलिटी इतनी कम रही कि वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
IMD की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में लगातार गिरावट के चलते उत्तर प्रदेश में कोहरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 15 दिसंबर को कई इलाकों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया, जहां दृश्यता 200 मीटर से नीचे चली गई, जबकि कुछ स्थानों पर यह 50 मीटर से भी कम रही। प्रयागराज, मिर्जापुर, आगरा, इटावा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
कोहरे के साथ-साथ प्रदेश के तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मुरादाबाद सहित कई प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। रातें बेहद सर्द हो गई हैं और शीतलहर जैसी स्थिति महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है।
उत्तर प्रदेश के अलावा पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में भी 15 और 16 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भी ठंड और खराब मौसम के कारण हालात कठिन बने हुए हैं, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड का असर और तेज हो सकता है।





