UP News: वाराणसी में नर्सिंग छात्रा की रहस्यमयी मौत, बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिली लाश..

Varanasi crime news: वाराणसी के सारनाथ में एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर नर्सिंग छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका के दोस्त को हिरासत में लिया है।

Varanasi crime news: उत्तर प्रदेश के वाराणसी (Varanasi) जिला स्थित सारनाथ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में चल रहे बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर जीएनएम (GNM) द्वितीय वर्ष की एक नर्सिंग छात्रा का शव अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव की स्थिति को देखकर इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के कपड़े खून से पूरी तरह लथपथ थे और पुलिस को मौके से कुछ संदिग्ध दवाएं भी बरामद हुई हैं।

क्या है पूरा मामला?

मूल रूप से बलिया की रहने वाली यह छात्रा वाराणसी के शिव सर्जिकल नर्सिंग होम नर्सिंग कॉलेज में JNM द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। मृतका के पिता चंदौली में पुलिस विभाग में सिपाही (कांस्टेबल) के पद पर तैनात हैं।

बताया जा रहा है कि इन दिनों नर्सिंग कॉलेज बंद चल रहा है। इसके बावजूद, बुधवार को छात्रा अपनी मां से यह कहकर घर से निकली थी कि वह कॉलेज जा रही है। वह अपने साथ घर से दो लोगों का लंच (टिफिन) भी बनवाकर ले गई थी। घर से निकलने के बाद वह कॉलेज जाने के बजाय सारनाथ स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में पहुंच गई, जहां बॉयज हॉस्टल संचालित होता है। वह वहां अपने क्लासमेट (दोस्त) से मिलने गई थी।

सीढ़ियों पर इस हाल में मिली लाश

गार्ड और स्थानीय लोगों के अनुसार, छात्रा करीब दो घंटे तक हॉस्टल के एक कमरे के अंदर रही। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे अपार्टमेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली चली गई। जब एक इलेक्ट्रीशियन फॉल्ट ठीक करके वापस लौट रहा था, तो उसने सीढ़ियों पर छात्रा को लहूलुहान और अचेत अवस्था में देखा।

छात्रा के प्राइवेट पार्ट से अत्यधिक ब्लीडिंग (रक्तस्राव) हो रहा था और उसके कपड़े खून से भीगे हुए थे। आनन-फानन में उसे पास के ही शिव सर्जिकल नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे सीपीआर (CPR) देने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा की मां रोती-बिलखती अस्पताल पहुंचीं।

ये भी पढ़े-  UP News: धर्मांतरण रोकने के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में बनेगी विशेष सेल, राज्यपाल ने दिए आदेश

बैग से मिलीं गर्भपात की दवाएं

पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल और छात्रा के बैग से गर्भपात (Abortion) से जुड़ी दवाएं बरामद हुई हैं। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक मात्रा में या गलत तरीके से दवा का सेवन करने के कारण हैवी ब्लीडिंग हुई, जो मौत की वजह बनी। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।

पुलिस फिलहाल मृतका के मोबाइल फोन को तलाश रही है, साथ ही उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अपार्टमेंट के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के साथ पढ़ने वाले उसके एक दोस्त (जौनपुर निवासी) को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े- PGI क्षेत्र से 20 दिन से लापता युवती; परिजनों को धर्मांतरण और विदेश भेजने की आशंका

Back to top button