
मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर 30 अगस्त को लखनऊ से कूच करेंगे 25 हजार कार्यकर्ता
कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर और परिक्रमा मार्ग से मांस-मदिरा की दुकानों को हटाने की मांग, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने आंदोलन तेज करने का किया ऐलान
UP News:लखनऊ। मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण और परिक्रमा मार्ग से मांस, मछली व मदिरा की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन का दावा है कि 30 अगस्त को करीब 25 हजार कार्यकर्ता और साधु-संत लखनऊ से मथुरा के लिए रवाना होंगे।
लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए होर्डिंग:
विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से अध्यक्ष गोपाल राय, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय, मनोज सिंह (राष्ट्रीय महासचिव ) एवं अन्य कार्यकर्ताओ ने लखनऊ के कई प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग लगाकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहा, अंबेडकर चौराहा, बंदरियाबाग, हजरतगंज चौराहा और भाजपा कार्यालय के आसपास लगाए गए होर्डिंग में मथुरा को लेकर आंदोलन का संदेश दिया गया।
होर्डिंग में ‘अयोध्या-काशी हुई हमारी, अब है मथुरा की बारी’ और ‘आ रहे हैं भगवा धारी’ जैसे नारे लिखे गए हैं।
परिक्रमा मार्ग से मांस-मदिरा की दुकानें हटाने की मांग:
परिषद ने मथुरा के परिक्रमा मार्ग से मांस, मछली और मदिरा की दुकानों को हटाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि कृष्ण जन्मभूमि और आसपास का क्षेत्र सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां धार्मिक वातावरण के अनुरूप व्यवस्था की जानी चाहिए।
10 दिनों से अनशन का दावा:
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के अनुसार, संगठन के कुछ सदस्य इन मांगों को लेकर पिछले 10 दिनों से मथुरा में अनशन कर रहे हैं। संगठन अब उनके समर्थन में बड़े स्तर पर आंदोलन करने की तैयारी कर रहा है।
30 अगस्त को लखनऊ से मथुरा रवाना होगा काफिला:
अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि 30 अगस्त को लखनऊ से मथुरा के लिए एक बड़ा काफिला रवाना किया जाएगा। परिषद का दावा है कि इसमें करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में साधु-संत भी शामिल होंगे।
संगठन का कहना है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।





