Virat Kohli: वन8 कम्यून पर लगा ताला, विराट कोहली ने रेस्टोरेंट से तोड़ा रिश्ता

Virat Kohli: बेंगलुरु में खोले गए विराट कोहली के ब्रैंड से जुड़े मशहूर ‘वन8 कम्यून‘ रेस्टोरेंट को कोर्ट के आदेश के बाद बंद कर दिया गया है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान इसके को ओनर थे।

Virat Kohli: बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास स्थित मशहूर रेस्टोरेंट One8 Commune’ पर ताला लग गया है। कोर्ट के आदेश के बाद इस आउटलेट को बंद कर दिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस विवाद से पहले ही स्टार क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने इस आउटलेट से अपने सभी व्यावसायिक संबंध तोड़ लिए थे और अपना ब्रांड नाम भी वापस ले लिया था।

क्यों बंद हुआ ‘One8 Commune’?

खबरों के मुताबिक, इस रेस्टोरेंट का संचालन ‘ट्रियो हिल्स हॉस्पिटैलिटी’ (Trio Hills Hospitality) द्वारा किया जा रहा था। बिल्डिंग के मालिक ने सिटी सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, क्योंकि रेस्टोरेंट ने पिछले छह महीनों से किराया नहीं चुकाया था।

किराए, मेंटेनेंस और रेवेन्यू शेयर को मिलाकर कुल बकाया 2 करोड़ से अधिक हो गया था। कोर्ट ने आदेश दिया कि जब तक सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक रेस्टोरेंट बंद रहेगा।

विराट कोहली ने पहले ही बना ली थी दूरी

सूत्रों के अनुसार, विराट कोहली ने इस विशेष आउटलेट के साथ हो रहे लगातार कानूनी विवादों और नियमों के उल्लंघन (Compliance issues) के कारण पहले ही खुद को अलग कर लिया था। उन्होंने इस आउटलेट से अपना नाम और ब्रांड हटा लिया था।

विवादों का पुराना नाता

यह पहली बार नहीं है जब बेंगलुरु का यह आउटलेट सुर्खियों में रहा हो। इससे पहले भी इसे कई नोटिस मिल चुके थे:

  • समय सीमा का उल्लंघन: देर रात तक ग्राहकों को सेवा देने के कारण पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
  • फायर सुरक्षा: बीबीएमपी (BBMP) ने फायर एनओसी (NOC) न होने के कारण नोटिस जारी किया था।
  • धूम्रपान क्षेत्र: नियमों के अनुसार ‘स्मोकिंग ज़ोन’ न होने के कारण भी इस पर कानूनी कार्रवाई हुई थी।

विराट कोहली के नाम हटने और लगातार विवादों के कारण रेस्टोरेंट के फुटफॉल (ग्राहकों की संख्या) में भारी गिरावट आई थी, जिससे यह व्यवसाय घाटे में चल रहा था।

Back to top button