
प्रियंका ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, विश्व हिन्दू रक्षा परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान गोपाल राय ने प्रियंका ठाकुर को विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नियुक्ति पत्र सौंपते हुए संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका अहम होती है।

महिलाओं को जागरूक करने के लिए देशव्यापी अभियान चलेगा
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियंका ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन महिलाओं एवं युवतियों को जागरूक करने के लिए देशभर में अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि आज समाज में कई ऐसी गतिविधियां सक्रिय हैं, जिनके प्रति महिलाओं को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है।
प्रियंका ठाकुर ने कहा कि वह गांव-गांव और शहर-शहर जाकर महिलाओं को आत्मरक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करेंगी। साथ ही युवतियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मविश्वास के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
मातृशक्ति को संगठित करने पर रहेगा विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति को संगठित करना, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना होगा। संगठन जल्द ही विभिन्न राज्यों में महिला सम्मेलन, जागरूकता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा।
संगठन पदाधिकारियों ने जताया भरोसा
कार्यक्रम में मौजूद संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय ने कहा कि प्रियंका ठाकुर के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण अभियान को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और प्रियंका ठाकुर के आने से यह अभियान और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों और वैचारिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना समय की मांग है। संगठन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
कार्यक्रम के दौरान संगठन के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। समारोह में संगठन के विस्तार, महिला भागीदारी बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाज जागरूकता के संकल्प के साथ किया गया।





