रेसरल ‘द ग्रेट खली’ ने थामा भाजपा का दामन, कृषि कानूनों का कर चुके हैं विरोध

दलीप सिंह उर्फ द ग्रेट खली

नई दिल्ली। WWE में भारत का मान बढ़ाने वाले रेसरल ‘द ग्रेट खली’ (असली नाम- दिलीप सिंह राना) ने आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

आपको बता दें कि खली हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी हैं। उन्होंने बीते साल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात की थी। खली के राजनीति में आने की संभावना बीते कई महीनों से चल रही थी।

हालांकि, पार्टी को लेकर स्थिति साफ नहीं थी। उन्होंने कल केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी से मुलाकात की थी। इसके बाद खली के बीजेपी में शामिल होने की संभावना बढ़ गई थी। आज वह औपचारिक रूप से भगवा पार्टी के हो गए।

WWE के पूर्व स्टार दलीप सिंह राना उर्फ द ग्रेट खली हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नैनीधार पंचायत के धिराइना गांव के निवासी हैं। खली ने पहलवानी में भारत का नाम रोशन कर सबसे ऊंचा स्थान दिलाया है।

पूरी दुनिया में महाबली खली के नाम से जाने जाने वाले दलीप सिंह ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया और आज उस मुकाम पर पहुंच गए हैं कि उनके रिकॉर्ड को तोड़ना काफी मुश्किल हो गया है।

खली कृषि कानूनों का विरोध भी कर चुके हैं। किसान आंदोलन के समय उन्होंने कहा था कि किसान देश की रीढ़ की हड्डी हैं। वह देश के हर किसान के साथ खड़े हैं।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश में द ग्रेट खली शो के नाम से रेसलिंग प्रतियोगिताएं भी करवाईं। खली पंजाब में रेसलिंग अकादमी भी चलाते हैं।

Back to top button