
Zomato ने लिया बड़ा फैसला, एनालॉग पनीर और डेयरी प्रॉडक्ट्स बैन
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Zomato) ने ग्राहकों की सेहत और भोजन की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने ऐप और प्लेटफॉर्म पर ‘एनालॉग डेयरी‘ (Analogue Dairy) यानी वनस्पति तेल और स्टार्च से बने कृत्रिम (नकली) पनीर, चीज और अन्य दुग्ध विकल्पों से तैयार व्यंजनों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह बैन लगा दिया है।
जोमैटो द्वारा जारी बयान के मुताबिक, जिन भी रेस्टोरेंट पार्टनर्स ने अपनी डिशेज में एनालॉग डेयरी के इस्तेमाल की बात स्वीकार की थी, उन्हें प्लेटफॉर्म से तुरंत हटा (Delist) दिया गया है।
क्या होते हैं ‘एनालॉग डेयरी’ प्रोडक्ट्स?
एनालॉग डेयरी उत्पाद असली दूध से तैयार नहीं होते हैं। स्वाद, रंग और टेक्सचर में असली पनीर या चीज जैसे दिखने वाले इन प्रोडक्ट्स को बनाने के लिए वेजिटेबल ऑयल (वनस्पति तेल), स्टार्च, इमल्सीफायर और प्लांट-बेस्ड प्रोटीन का इस्तेमाल किया जाता है। आम बोलचाल में लोग इसे ‘नकली पनीर’ या कृत्रिम चीज भी कहते हैं।
नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई
जोमैटो ने इस मामले में ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ अपनाते हुए अपने सभी पार्टनर रेस्टोरेंट्स के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। रेस्टोरेंट्स तुरंत एनालॉग पनीर या चीज की जगह असली और प्राकृतिक डेयरी प्रोडक्ट्स का उपयोग शुरू करें। यदि तुरंत नेचुरल डेयरी पर शिफ्ट होना संभव न हो, तो एनालॉग डेयरी वाली डिशेज को मेन्यू से तुरंत हटा दिया जाए।
रेस्टोरेंट्स अपने सप्लायर्स द्वारा दिए गए सामान के इंग्रीडिएंट्स और लेबल्स की अच्छे से जांच करें ताकि ग्राहकों को सही जानकारी मिल सके। कंपनी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो भी रेस्टोरेंट इन मानकों का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसे प्लेटफॉर्म से परमानेंट डिलीट कर दिया जाएगा।
‘ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा ही प्राथमिकता’
नई नीति पर बात करते हुए जोमैटो के सीईओ आदित्य मंगला ने कहा, “जोमैटो में हमारा मुख्य मिशन अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर और सुरक्षित खाना पहुंचाना है। इसका सीधा अर्थ ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना और हमारे पार्टनर रेस्टोरेंट्स द्वारा दिए जाने वाले भोजन के लिए पारदर्शी व उच्च मानक तय करना है। यह कदम खाद्य सुरक्षा और ग्राहकों के भरोसे को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”





