हरियाणवी सिंगर: गोगी गैंग के खिलाफ बनाया गया गाना ही बना हत्या की वजह

सिंगर बालियान की हत्या की साजिश कनाडा में बैठे शाहपुरिया ने रची

हत्या में शामिल  चार जल्द होंगे गिरफ्तार:अमिताभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय में आज पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में गोगी गैंग की भूमिका सामने आई है। हत्यारों ने पहले रेकी की, उन्हे बाहर से हथियार उपलब्ध करवाए गए थे। डीजीपी ने कहा कि अंकित की हत्या की वजह गोगी गैंग के खिलाफ बनाया गया गाना ही था। आरोपियों ने कई दिन अंकित की रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया था‌। सभी आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, पुलिस टीम लगातार नजर बनाए हुए थी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर उनकी पहचान की। डीजीपी के अनुसार पूरी प्लानिंग के तहत ही हत्या की गयी थी. वहीं अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के मुताबिक हत्याकांड में छह लोग शामिल थे, जिनमें से दो आज मारे गए। जल्द ही बाकी चार को गिरफ्तार किया जाएगा।

संरक्षण देने वालों पर भी गिरेगी गाज 

डीजीपी ने कहा कि शूटरों को बाहर से हथियार उपलब्ध करवाए गए थे, जिन्होंने ये सब किया और जो भी इस हत्याकांड की चेन में शामिल हैं उन सभी की भूमिका तय की जाएगी। उन्होने चेतावनी देते हुए कहा कि यूपी की सीमा से बाहर बैठकर कोई यह न सोचे कि कानून के हाथ उन तक नहीं पहुंचेगे। उन्होने आगे बताया कि केंद्र सरकार की एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही अन्य आरोपितों के पकड़े जाने पर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी, इसके लिए पुलिस ने 11 टीमें में गठित की है। पुलिस साइंटिफिक तरीके से हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी है। उन्होने बताया कि हत्याकांड में शामिल मोहित पर हरियाणा में 14 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने एनकाउंटर करने वाली टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को दो लाख का इनाम देने की भी घोषणा की है। जांच में यह बात सामने आई है कि हत्याकांड का षड्यंत्र रचने में कनाडा में बैठे शाहपुरिया की मुख्य भूमिका रही है।

शामली इनकाउंटर की जांच हो:सपा सांसद

उधर फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के हत्याओं के एनकाउंटर पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा किन परिस्थितियों में एनकाउंटर हुआ इसकी जांच होनी चाहिए। अवधेश प्रसाद ने कहा कि अब कौन सी परिस्थितियां थीं? कौन सी परिस्थितियां उत्पन्न हुईं? जिसमें पुलिस को मुठभेड़ करना पड़ा, यह जांच का विषय है। और हमारी IPC में, हमारे CRPC में, बड़ा से बड़ा अपराधी है और उसका अपराध सिद्ध हो जाता है, तो सजा ए मौत, फांसी की सजा, आजीवन कारावास देने का अधिकार न्यायपालिका में निहित है। सपा नेता ने कहा कि यह जो एनकाउंटर हुआ है, कौन सी ऐसी परिस्थितियां थीं जिससे एनकाउंटर हुआ है, यह जांच का विषय है। शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के आरोपियों में से दो की मौत हो गई। यूपी पुलिस के साथ एनकाउंट में दो आरोपी मारे गए। अब इस एनकाउंटर पर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं।

Back to top button