
दिल्ली में अब अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर:रेखा गुप्ता
दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एमसीडी को अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने का निर्देश दिया है। आज दिल्ली के कई इलाकों में कार्रवाई होगी। सीएम ने कहा कि नगर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड पर रहें। दिल्ली के सभी पीजी हॉस्टल का सघन निरीक्षण हो, अवैध निर्माण पर कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि बिल्डिंग रिकॉर्ड खंगाला जाए, आखिर किस वर्ष और किसके अधिकार क्षेत्र के दौरान अवैध निर्माण हुआ।
लक्ष्मी नगर इलाके में एक पीजी के खिलाफ एमसीडी की कार्रवाई चल रही है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के उस निर्देश के बाद की जा रही है जिसमें उन्होंने नगर निकाय से अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर का इस्तेमाल करने को कहा था। बिल्डिंग गिराने के दौरान मलबे के साथ ऊपर से कुछ सामान नीचे दूसरी बिल्डिंग की छत पर आ गिरा। इससे छत पर रखे सामान और एक कपड़े में आग लग गई। आग लगते ही मौके पर मौजूद पुलिस और एमसीडी कर्मी सतर्क हो गए। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया और उसे फैलने से रोक दिया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एमसीडी कर्मियों की तत्परता की सराहना की। घटना के बाद आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा, ‘दिल्ली नगर निगम पूरी तैयारी के साथ काम कर रहा है। जो कोई भी सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज करेगा या उनमें कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पांच वरिष्ठ अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और बड़े पैमाने पर जांच-पड़ताल का अभियान भी शुरू हो गया है। अब तक दिल्ली भर में 1,118 इमारतों की पहचान की जा चुकी है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी पुलिस स्टेशन इलाके में तांगा स्टैंड गली में बनी तीन मंजिला इमारत को गिराया जा रहा है।





