Bharat की पहचान सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान से ही सुरक्षित है:CM Yogi

 

Lucknow UP CM Yogi: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanathने कहा कि सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान से भारत की पहचान सुरक्षित है। देश और धर्म की रक्षा के लिए सिख गुरुओं ने जो बलिदान दिया, वह भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनकी परंपरा ने न केवल आस्था और संस्कृति की रक्षा की, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने का साहस भी दिया। जब तक भारत सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई भी ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी।

मुख्यमंत्री  ऐशबाग रोड स्थित डीएवी पीजी कॉलेज मैदान में श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश सरकार और जनता की ओर से सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर तलवार तथा गुरु नानक देव जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।  गुरु नानक देव जी महाराज ने मानवता को जोड़ने और समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने देशभर में यात्राएं कर ‘एक ओंकार’ का संदेश दिया। ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसकी संतान हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है।

श्री योगी ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता पलायन नहीं सिखाती, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा देती है। सिख गुरुओं की परंपरा इसी साहस, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज को नई दिशा मिली। ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और अपनी कमाई में दूसरों को भागीदार बनाना जीवन को सार्थक बनाता है।

गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर व्यवस्था इसका जीवंत उदाहरण है। यहां जाति, मत और मजहब का भेद किए बिना सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह समानता और सेवा की भावना भारतीय समाज की बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से मुख्यमंत्री आवास में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई थी। सात वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के बाद से मुख्यमंत्री आवास में वीर बाल दिवस का आयोजन किया जाता है। आज पूरा देश गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के त्याग और बलिदान को नमन कर रहा है। उनका बलिदान युवा पीढ़ी को धर्म, राष्ट्र और मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का दिन अत्यंत पवित्र है। सुबह चार बजे से वह प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों की जानकारी ले रहे हैं। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी मेले में 15 लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन काशी में देव दीपावली मनाई जाती है।

मान्यता है कि भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा पर त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त किया था। इसी पावन अवसर पर गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व आध्यात्मिक महत्व को और बढ़ाता है। समारोह में राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संगत से अरदास का आह्वान किया। उन्होंने मुख्य ग्रंथी से दिवंगत आत्मा को ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना करने का आग्रह किया।

Back to top button